क्रिकेट

IPL 2024: रियान पराग ने छुड़ाए दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के छक्के, खेली आईपीएल करियर की सबसे बड़ी पारी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 28, 2024, 09:56 PM IST

रियान पराग ने घरेलू क्रिकेट के अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 45 गेंद में 84 रन की नाबाद आतिशी पारी खेली।

Image

रियान पराग (साभार IPL/BCCI)

जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले असम के बल्लेबाज रियान पराग ने घरेलू क्रिकेट के फॉर्म को बरकरार रखते हुए आईपीएल 2024 में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। लखनऊ के खिलाफ पराग ने 43 रन की पारी खेली थी। गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में 45 गेंद में 84 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के जड़े। पराग का स्ट्राइकरेट 186.66 का रहा। उनकी पारी की बदौलत ही राजस्थान की टीम पहल बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 185 रन का स्कोर दिल्ली के खिलाफ खड़ा कर सकी।

36 रन पर राजस्थान ने गंवा दिए थे 3 विकेट

पराग जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम ने 5.2 ओवर में 30 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन पवेलियन लौट चुके थे। उनके पिच पर उतरने के थोड़ी देर बाद जोस बटलर भी 36 के स्कोर पर आउट हो गए। ऐसे में पराग के कंधे पर टीम की नैय्या पार लगाने की जिम्मेदारी आ गई। पराग ने एक छोर संभालते हुए पहले अश्विन के साथ टीम को संभाला और 90 रन तक टीम को पहुंचाया। अश्विन 19 गेंद में 29 रन की पारी खेलकर आउट हुए। दोनों के बीच 54 (37) रन की साझेदारी चौथे विकेट के लिए हुई।

34 गेंद में जड़ा अर्धशतक

अश्विन के आउट होने के बाद भी पराग पिच पर डटे रहे उन्होंने 34 गेंद में अर्धशतक 4 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद अंतिम ओवरों में पराग और आक्रामक हो गए। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए ध्रुव जुरेल के साथ 22 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की और टीम को 18.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। अंत में पराग 45 गेंद में 84 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। रियान पराग के आईपीएल करियर का यह तीसरा अर्धशतक है। इससे पहले उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले थे। यह रियान का आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 56* रन था। ये पारी उन्होंने साल 2022 में खेली थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article