फॉफ डुप्लेसी की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स को करो या मरो के मुकाबले में 27 रन के अंतर से मात देकर आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में धमाकेदार अंदाज में एंट्री की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 218 रन का स्कोर खड़ा किया और इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट पर 191 रन पर रोककर मैच अपने नाम किया और बेहतर रन रेट के साथ प्लेऑफ में एंट्री कर ली।
18 मई को फिर अजेय रही आरसीबी
इस मुकाबले से पहले 18 मई को खेले गए आईपीएल मुकाबलों में आरसीबी की टीम हमेशा विजयी रही थी। ये सिलसिला इस बार भी बदस्तूर जारी रहा। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आरसीबी के 18 के फेर में फंस गई। 18 मई को आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218 रन का स्कोर खड़ा किया। वहीं 18 नंबर की जर्सी पहनकर खेलने वाले विराट कोहली ने 47 रन की तेज पारी खेलकर आरसीबी को शानदार शुरुआत दिलाई। डुप्लेसी और विराट द्वारा सधी हुई शुरुआत देने के बाद आरसीबी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
18 रन के अंतर से चाहिए थी आरसीबी को जीत
इस मैच में आरसीबी को पहले बल्लेबाजी करने के बाद कम से कम 18 रन के अंतर से मात देना जरूरी था। इतने रनों के अंतर से मैच जीतकर आरसीबी का नेट रन रेट चेन्नई से बेहतर हो सकता था और आरसीबी इस लक्ष्य को भी पार करने में सफल रही।
