कोलकाता: राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने गुरुवार को अपना नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया। चहल ने जैसे ही कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा को शेमरॉन हेटमायर के हाथों कैच कराया वो आईपीएल इतिहास में ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
कोलकाता के खिलाफ चटकाए चार अहम विकेट
चहल राणा की विकेट चटकाने के बाद नहीं रुके उन्होंने इसके बाद अपनी फिरकी का रंग जमाया और 4 ओवर में 25 रन पर 4 विकेट के साथ स्पेल का अंत किया। वेंकटेश अय्यर, शार्दुल ठाकुर और रिंकू सिंह के अहम विकेट चटकाए और विकेटों का चौका पूरा किया। उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत कोलकाता की टीम बड़ा स्कोर नहीं कर सकी। सीजन में तीसरी बार चहल ने पारी में विकेटों का चौका जड़ा।
पिछले मुकाबले में की थी ब्रावो की बराबरी
चहल ने आईपीएल करियर का 143 वां मैच खेलते हुए ब्रावो को पीछे छोड़ा। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में ब्रावो की बराबरी करके साझा रूप से नंबर वन बने थे। ऐसे में अब एक विकेट अपने खाते में और जोड़कर सबसे आगे निकल गए हैं।
10 साल में बने बॉलर नंबर वन
साल 2013 में मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलते हुए आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले चहल को आईपीएल इतिहास का सबसे सफल गेंदबाज बनने में 10 साल लग गए। चहल आठ साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सदस्य रहे है। उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट आरसीबी के लिए खेलते हुए चिन्नास्वामी स्टेडियम में लिए। इस मैदान को गेंदबाजों की कब्रगाह माना जाता है।
खाते में दर्ज हुए 187 विकेट
चहल के नाम 143 मैच में 187 विकेट हो गए हैं। उन्होंने ये विकेट 21.59 के औसत और 7.66 की इकोनॉमी के साथ चटकाए हैं। आरसीबी के बाद चहल राजस्थान रॉयल्स से साल 2022 में जुड़े और उनके लिए खेलते हुए सीजन में कुल 27 विकेट अपने नाम किए जो कि उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ रहा। मौजूदा सीजन में 12 मैच में चहल के नाम 21 विकेट 16.90 के औसत 7.91 की इकोनॉमी और 12.80 के स्ट्राइक रेट के साथ दर्ज हो गए हैं। वो ऑरेंज कैप की दौड़ में भी सबसे आगे निकल गए हैं।
आईपीएल इतिहास के 5 सबसे सफल गेंदबाज
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पांच खिलाड़ियों में युजवेंद्र चहल(187) के बाद ड्वेन ब्रावो(183), पीयूष चावला(174), अमित मिश्रा(172) और रविचंद्रन अश्विन(171) काबिज हैं। रेस में सबसे आगे निकल चुके चहल के पास आईपीएल इतिहास में 200 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बनने का शानदार मौका भी है
