धर्मशाला: संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पंजाब किंग्स को उसके घर पर दो 2 गेंद और 4 विकेट शेष रहते मात देकर लीग दौर का जीत के साथ अंत किया। 14 मैच में 7 जीत और 7 हार के साथ राजस्थान की टीम पांचवें पायदान पर है। प्लेऑफ की रेस में वो कुछ हद तक बनी हुई है। आरसीबी के बाद वो पांचवें नंबर पर है। आरसीबी और मुंबई अपने आखिरी मुकाबले हारें उसी स्थिति में पिछले बार की उपविजेता राजस्थान के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुलेंगे। ऐसे में अब राजस्थान की नजर रविवार को खेले जाने वाले दोनों मुकाबलों पर टिकी रहेगी और वो दोनों की हार के लिए प्रार्थना करेगी।
जब तक हेटमायर थे तबतक थी ये आस
राजस्थान की पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने कहा, 'खेल के आखिर में जब शेमरॉन हेटमायर मजबूती के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे तब हमें लगा था कि हम 18.5 ओवर में मैच जीत जाएंगे।' अगर राजस्थान 18.5 ओवर में विजयी लक्ष्य हासिल कर लेती तो उसका नेट रन रेट आरसीबी से ज्यादा हो जाता और वो अंक तालिका में चौथे पायदान पर काबिज हो जाती। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
ऐसी स्थिति में टीम को देखकर लगा धक्का
अच्छी शुरुआत के बाद अंत में ऐसा स्थिति में पहुंचने के बारे में सैमसन ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो हमारी टीम अच्छी है लेकिन अंक तालिका में हम जहां हैं उसे देखकर थोड़ा धक्का लगा है। अगर हम पीछे मुड़कर देखें और इसके बारे में चर्चा करें तो निश्चित तौर पर बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
यशस्वी ने दिखाई है परिपक्वता
एक बार फिर अर्धशतकीय पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल की तारीफ करते हुए सैमसन ने कहा, हम तकरीबन हर मैच में जायसवाल के बारे में चर्चा कर रहा हूं। उन्होंने अपने खेल में परिपक्वता दिखाई है। इतनी कम उम्र में वो जिस तरह बल्लेबाजी करते हैं उससे लगता है कि वो 100 से ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।
हम मानकर चलते हैं पहले ओवर में बोल्ट लेंगे विकेट
पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह का विकेट चटकाने वाले ट्रेंट बोल्ट की तारीफ करते हुए कहा, 99 प्रतिशत मौकों पर हम मान लेते हैं कि बोल्ट पहले ओवर में विकेट चटकाएंगे।' उन्होंने सीजन के सेकेंड हाफ में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा,आखिरी के मैच हमारे लिए आईपीएल में कुछ अलग तरह के रहे हैं। पिछले तीन मैच में दबाव हमारे ऊपर था। जब तक इस मैच की आखिरी गेंद नहीं फेंकी गई तब तक दबाव था।
