Shubman Gill Youngest Orange Cap winner: भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार शुभमन गिल ने शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक 32 गेंद में पूरा किया। मुंबई के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान जैसे ही 23 वर्षीय गिल ने 8 रन का आंकड़ा पार करते ही शुभमन गिल आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप पर कब्जा करने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नए प्रिंस माने जाने वाले रुतुराज गायकवाड़ के नाम दर्ज था। उन्होंने साल 2021 में 24 वर्ष की उम्र में ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था और ये उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे।
ऑरेंज कैप पर कब्जा करने वाले छठे भारतीय
गिल आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी हैं। सबसे पहले ऑरेंज कैप पर कब्जा करने वाले भारतीय सचिन तेंदुलकर थे। उन्होंने साल 2009 में मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलते हुए 618 रन बनाए थे। इसके बाद रॉबिन उथप्पा ये उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बने। उथप्पा ने साल 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए 660 रन बनाए थे और ऑरैंज कैप अपने नाम की।
800+ रन का आंकड़े को पार करने वाले दूसरे भारतीय
विराट कोहली ऑरैंज कैप जीतने वाले तीसरे भारतीय साल 2016 में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत बने थे। विराट ने उस सीजन 973 रन चार शतक की मदद से बनाए थे। उनके नाम आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनके इस रिकॉर्ड के करीब अबतक और कोई खिलाड़ी नहीं पहुंच सका है। विराट के बाद साल 2020 में केएल राहुल ने 670 रन बनाकर और साल 2021 में रुतुराज गायकवाड़ ने 635 रन जोड़कर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। शुभमन गिल एक सीजन में 800 रन से ज्यादा बनाने वाले चौथे खिलाड़ी और दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाल तीसरे बल्लेबाज
शुभमन गिल 60 गेंद में 129 रन बनाकर आकाश मढ़वाल की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े। इसके साथ ही उनके नाम सीजन में 3 शतक और 4 अर्धशतक के साथ 16 मैच की 16 पारियों में 2 बार नाबाद रहते 60.78 के औसत से 851 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 129 रन रहा जो उन्होंने शुक्रवार को मुंबई के खिलाफ अहमदाबाद में किया। वो डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़कर एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली(973) और जोस बटलर(863) के बाद तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
