क्रिकेट

RR vs DC: जीत की पटरी पर लौटा राजस्थान, दिल्ली को थमाई IPL 2023 की तीसरी हार

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Apr 8, 2023, 07:46 PM IST

RR vs DC: राजस्थान रॉयल्स ने बारसापारा गुवाहाटी के अपने होम ग्राउंड पर पहली जीत दर्ज कर ली है। उसने दिल्ली की टीम को 57 रन से हरा दिया। दिल्ली के सामने 200 रन का लक्ष्य था, लेकिन टीम केवल 142 रन ही बना सकी। वॉर्नर ने 65 रन की पारी खेली।

Image

राजस्थान रॉयल्स

Photo : Twitter

RR vs DC IPL 2023: बारसापारा, गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने दिल्ली को तीसरी हार थमा दी है। इस मुकाबले में राजस्थान ने दिल्ली को 57 रन से पटखनी दी। दिल्ली के सामने जीत के लिए 200 रन का लक्ष्य था। लेकिन राजस्थान की धारदार गेंदबाजी के सामने दिल्ली की केवल निर्धारित ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी।

दिल्ली की तरफ से सर्वाधिक 65 रन की पारी डेविड वॉर्नर ने खेली। वॉर्नर के अलावा ललित यादव ने 38 रन की पारी खेली। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज कमाल नहीं कर सका। राजस्थान की तरफ से ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने 3-3 विकेट लिए, इन दोनों के अलावा रविचंद्रन अश्विन ने 2 और संदीप शर्मा ने एक विकेट चटकाए।

दिल्ली का फ्लॉप शो जारी

दिल्ली के खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगया जा सकता है कि उसके 8 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सके। पहले ही ओवर में पृथ्वी शॉ और पहली बार दिल्ली के लिए खेल रहे मनीष पांडे अपना खाता भी नहीं खोल पाए। दोनों को बोल्ट ने पहले ही ओवर में पवेलियन भेजा। यह इस सीजन में दूसरा मौका है जब बोल्ट ने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके हैं।

राजस्थान की विस्फोटक बल्लेबाजी

इससे पहले दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम की तरफ से यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर ने धमाकेदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 गेंद पर 98 रन की साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल ने 31 गेंद पर 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। जायसवाल के अलावा जोस बटलर ने 79 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 1 छक्के लगाए।

इन दोनों की विस्फोटक शुरुआत के बाद बाद में दिल्ली ने अच्छी गेंदबाजी कर वापसी जरूर की लेकिन बाद में फिर शिमरॉन हेटमायर ने 21 गेंद पर 39 रन की पारी खेली। उन्होंने 1 चौका और 4 छक्के लगाए। दिल्ली की तरफ से मुकेश कुमार ने 2 जबकि कुलदीप यादव और रोवमेन पावेल ने 1-1 विकेट चटकाए।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article