क्रिकेट

IPL 2023, LSG vs PBKS Pitch Report, Weather: लखनऊ-पंजाब मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का पूरा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 15, 2023, 09:00 AM IST

IPL 2023, LSG vs PBKS Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आज (15 April 2023) लखनऊ के मैदान पर मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2023 का 21वां मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगा, खासतौर पर पंजाब किंग्स के लिए। जानिए इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम पंजाब किंग्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 का 21वां मुकाबला
  • लखनऊ सुपर जायंट्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स से होगी
  • लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान में खेलेगी

IPL 2023, LSG vs PBKS Pitch Report Today Match and Weather Forecast: आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) में दिन का दूसरा मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। ये मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कमान एक बार फिर भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के हाथों में है, वहीं पंजाब किंग्स के कप्तान होंगे भारत के अनुभवी ओपनर शिखर धवन।

लखनऊ सुपर जायंट्स इस समय जीत के रथ पर सवार है। उसने पिछले दो मुकाबलों में पहले सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से मात दी। जबकि उसके बाद एक रोमांचक मुकाबले में अंतिम गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 विकेट से शिकस्त दी। अब आज वो अपने घरेलू मैदान पर खेलने जा रहे हैं तो उन्हें भी जीत की हैट्रिक लगाने की आस होगी। वहीं पंजाब किंग्स का हिसाब ठीक उल्टा है। वे अपने पिछले दोनों मुकाबलों को गंवाकर यहां खेलने पहुंचे हैं। पहले उनको हैदराबाद ने 8 विकेट से मात दी और उसके बाद गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट से शिकस्त दे दी। अब लखनऊ के मैदान पर क्या वो जीत की पटरी पर सवार हो पाएंगे ये काफी हद तक पिच पर भी निर्भर करेगा। तो आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति।

कैसी है लखनऊ की पिच रिपोर्ट? (LSG vs PBKS Pitch Report)

लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले सीजन के इस 21वें मुकाबले का आयोजन लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है। यहां की पिच की बात करें तो ये बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों के लिए बराबर फायदेमंद साबित होती आई है। मैच की स्थिति और खिलाड़ियों के दबदबे पर काफी कुछ निर्भर करेगा। इस सीजन यहां खेले गए दो मुकाबले इस बात के गवाह हैं। पहला मैच लखनऊ और दिल्ली का हुआ जिसमें लखनऊ ने 6 विकेट पर 193 रन बनाए और जवाब मेंं दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी। जबकि दूसरे मैच में इस मैदान पर लखनऊ और हैदराबाद की टक्कर हुई जहां हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर सिर्फ 121 रनों का स्कोर खड़ा किया, जवाब में लखनऊ ने 5 विकेट गंवाने के बाद 16 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। कुल मिलाकर इस पिच पर बल्लेबाज हो या गेंदबाज, दोनों को सही स्थिति का फायदा उठाना होगा।

आज कैसा होगा लखनऊ का मौसम? (Lucknow Weather Today)

लखनऊ के मौसम की बात करें तो अब देश के इस हिस्से में गर्मी तेजी से जोर पकड़ती नजर आ रही है। फैंस और खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर ये है कि बारिश के कोई आसार नहीं हैं और एक पूरा मुकाबला देखने को मिलने वाला है। दिन में कड़ी धूप रहेगी लेकिन बादलों की आवाजाही भी बनी रहेगी। मुकाबला शाम को खेला जाना है इसलिए ओस का भी प्रभाव रहेगा और उमस भी अच्छी-खासी रहने वाली है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं। यानी ये साफ है कि गर्मी सबको परेशान करने वाली है।

लखनऊ और पंजाब के बीच होने वाला ये मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा, टॉस 7 बजे होगा। मैच में शिखर धवन, केएल राहुल, सैम करन जैसे खिलाड़ियों के साथ-साथ उस खिलाड़ी पर भी नजर रहेगी जिसका लंबे समय से इंतजार हो रहा है। वो हैं इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन जो इस मुकाबले में मैदान पर खेलने जरूर उतरेंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article