Ajinkya Rahane: मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल 2023 का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के बाद टीम इंडिया में वापसी की कोशिश कर रहे अजिंक्य रहाणे के बल्ले का धमाल बदस्तूर जारी है। रहाणे ने रविवार को कोलकाता के गेंदबाजों के उनके घरेलू मैदान पर छक्के छुड़ाते हुए 29 गेंद में नाबाद 71 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। यह स्कोर इडेन गार्डन्स पर किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।
24 गेंद में रहाणे ने जड़ा अर्धशतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को रुतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 73 रन की साझेदारी की। रुतुराज के आउट होने के बाद तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी करने रहाणे उतरे। उन्होंने एक छोर संभालते हुए आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। रहाणे ने इस दौरान अपना अर्धशतक 24 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
शिवम दुबे के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी
इस दौरान उन्होंने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंद में 85 रन की साझेदारी करके 200 रन के करीब पहुंचा दिया। अंत में रहाणे टीम को इडेन गार्डन्स पर आईपीएल में किसी भी टीम द्वारा बनाए सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाने के बाद नाबाद 71 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 244.82 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े।
ऐसा रहा है रहाणे का आईपीएल 16 में प्रदर्शन
रहाणे ने मौजूदा सीजन में अबतक खेले 5 मैच में एक बार नाबाद रहते हुए 52.25 के औसत और 199.05 के स्ट्राइकरेट से 209 रन बना लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 71 रन रहा है। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक जड़े हैं।
