साउथैम्पटन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम को तीन मैच की वनडे सीरीज के साउथैम्पटन में खेले गए पहले मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मैच में मेजबान इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 258 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 259 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 10 गेंद और 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
मंधाना और रावल ने दी भारत को तेज शुरुआत
जीत के लिए 259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और स्मृति रावल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से 48 रन जोड़े लेकिन आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर मंधाना 28(24) रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर कैच दे बैछीं। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने हरलीन देओल उतरीं। उन्होंने रावल का दूसरे छोर से साथ दिया। दोनों स्कोर को 94 रन तक ले गईं लेकिन 19वें ओवर की पहली गेंद पर सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर बोल्ड हो गईं। उन्होंने 36(51) रन बनाए।
124 रन पर भारत ने गंवाए चार विकेट
94 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद हरलीन और कप्तान हरमनप्रीत कौर स्कोर को 100 रन के पार ले गईं लेकिन 102 के स्कोर पर हरलीन भी रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं। वो 27 रन बना सकीं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत भी 124 के स्कोर पर आउट हो गंईं। उन्होंने 17 रन बनाए। चार्ली डीन ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
दीप्ति ने खेली मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी
124 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद टीम इंडिया की पारी को जेमिमा रोड्रिग्ज और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 90 रन जोड़े। लेकिन अपना अर्धशतक पूरा करने से पहले जेमिमा फिलर की गेंद पर विकेट के पीछे लपकी गईं। उन्होंने 48 रन बनाए। जेमिमा जब पवेलियन लौटीं तब स्तोर 214 रन था और टीम जीत के करीब पहुंच चुकी थी। ऐसे में एक छोर संभाले खड़ी दीप्ति को ऋचा घोष का साथ थोड़ी देर के लिए मिला लेकिन वो भी 10 रन बनाकर स्टंपिंग हो गईं। ऐसे में अंत में दीप्ति ने संयम नहीं खोया और अपना अर्धशतक 52 गेंद में 2 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया और अमनजोत के साथ मिलकर टीम को 10 गेंद रहते जीत दिला दी। दीप्ति शर्मा 62(64) रन बनाकर और अमनजोत 20(14) रन बनाकर नाबाद रहीं। दीप्ति को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंग्लैंड ने बनाए 6 विकेट पर 258 रन
इससे पहले सोफिया डंकले की 92 गेंद में नाबाद 83 रन की पारी की मदद से इंग्लैंड ने छह विकेट पर 258 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद टीम ने 97 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन एलिस डेविडसन रिचर्ड्स ने डंकले के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 106 रन की भागीदारी निभाई और 73 गेंद में 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। डंकले ने अपनी पारी के दौरान नौ चौके लगाए।
भारतीय गेंदबाजों ने दिलाई शानदार शुरुआत
भारत ने एमी जोन्स को आउट कर पहली सफलता हासिल की जब गौड ने एक शानदार गेंद पर उन्हें बोल्ड कर अपने दूसरे वनडे में पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट लिया। 21 वर्षीय खिलाड़ी ने इस ओवर में वाइड की हैट्रिक लगाई। इंग्लैंड शुरुआती झटके से उबरने की कोशिश कर रहा था लेकिन गौड ने दूसरी बार शानदार इनस्विंगर से सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट को पगबाधा आउट किया। मैदानी अंपायर इससे सहमत नहीं थे लेकिन भारत द्वारा लिए रिव्यू में साफ दिखा कि गेंद मिडिल स्टंप के ऊपरी हिस्से पर लग रही थी।
गौड़ और राणा ने भारत के लिए झटके 2-2 विकेट
चौथे ओवर में दो विकेट पर 20 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को एक साझेदारी की दरकार थी। उसके लिए फॉर्म में चल रही एम्मा लैम्ब और कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने 71 रन जोड़कर टीम को संभाला। पर इसके बाद इंग्लैंड ने दो ओवर के अंदर ही क्रीज पर जमी इन दोनों बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। ऑफ स्पिनर स्नेह राणा ने लैम्ब (39 रन) और साइवर-ब्रंट (41 रन) को पवेलियन भेजकर घरेलू टीम को झटके दिए। इसके बाद डंकले और एलिस ने जिम्मेदारी से खेलते हुए टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया। भारत के लिए गौड़ (नौ ओवर में 55 रन देकर दो विकेट) और ऑफ स्पिनर स्नेह राणा (10 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट) ने दो दो विकेट झटके।
