एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर का साफ असर दिखा। भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में रौंद दिया और इस मैच के दौरान जो हुआ, उसे पाकिस्तान हमेशा याद रखेगा। भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ मिलाने से ही इनकार कर दिया। रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 के ग्रुप ए मुकाबले के बाद भारतीय खिलाड़ियों द्वारा उनके खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करने पर पाकिस्तान के कोच माइक हेसन बेहद नाराज हो गए। सूर्यकुमार यादव की टीम ने सात विकेट और 25 गेंद शेष रहते जीत हासिल की और भारत ने 16 ओवर में 128 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के अंत में विजयी रन बनाने के बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे अपने ड्रेसिंग रूम में वापस चले गए।
दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने का कार्यक्रम नहीं था
दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच पारंपरिक हाथ मिलाने का कोई कार्यक्रम नहीं था। सूर्यकुमार और दुबे के ड्रेसिंग रूम में लौटने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा और मुख्य कोच हेसन भारतीय खेमे के पास पहुंचे, लेकिन कोई भी खिलाड़ी हाथ मिलाने नहीं आया। हेसन इस उपेक्षा से स्पष्ट रूप से नाराज दिखे, और उनकी निराशा साफ दिखाई दे रही थी। सूर्यकुमार और आगा ने टॉस के समय भी हाथ नहीं मिलाया, और दोनों ने एक-दूसरे से आंख मिलाने से भी परहेज किया।
कोच हेसन बोले, हम हाथ मिलाने के लिए तैयार थे
हेसन मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और उन्होंने कहा कि उनके खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए तैयार थे, लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम से कोई खिलाड़ी बाहर नहीं आया तो वे वापस लौट गए। हेसन ने पत्रकारों से कहा, जाहिर है, हम मैच के अंत में हाथ मिलाने के लिए तैयार थे। हमें निराशा हुई कि हमारे विपक्षी खिलाड़ियों ने ऐसा नहीं किया। हम वहां हाथ मिलाने गए, और वे पहले ही चेंजिंग रूम में जा चुके थे।
उन्होंने आगे कहा, मैच का इस तरह खत्म होना निराशाजनक था। हम अपने खेलने के तरीके से निराश थे, लेकिन हाथ मिलाने के लिए तैयार जरूर थे। दरअसल, एशिया कप 2025 में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी देशों के बीच हुए मैच को लेकर काफी विवाद हुआ था। भारत में बहिष्कार की मांग जोरों पर थी, क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रशंसकों के एक तबके ने भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।
भारतीय खिलाड़ियों ने हाथ मिलाने से किया इनकार
मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने कतार में खड़े अपने पाकिस्तानी समकक्षों से पारंपरिक तरीके से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। दोनों कप्तानों ने जिम्बाब्वे के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को अपनी टीम की शीट सौंपी, सिक्का उछाल रहे टीवी कमेंटेटर रवि शास्त्री से बात की और अपनी दिशाओं में वापस लौट गए। पाकिस्तानी कप्तान ने तो टीवी प्रस्तुतिकरण समारोह का भी बहिष्कार कर दिया।
कप्तान सूर्यकुमार बताई वजह
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने अपना रूख स्पष्ट कर दिया कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस रस्म से परहेज क्यों किया। उन्होंने हाथ नहीं मिलाने के फैसले पर कहा, हमने यह फैसला लिया क्योंकि हम यहां सिर्फ खेलने आए थे। हमने इसका उचित जवाब दिया। सूर्य कुमार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने के फैसले पर कहा, हमने यह फैसला लिया क्योंकि हम यहां सिर्फ खेलने आए थे। हमने इसका उचित जवाब दिया। सूर्यकुमार ने कहा, हम बीसीसीआई और सरकार के साथ हैं। कुछ चीजें खेल भावना से आगे होती हैं। हम पहलगाम आतंकी हमले के सभी पीड़ितों के साथ खड़े हैं और इस जीत को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हिस्सा लेने वाले सशस्त्र बलों को समर्पित करते हैं।
इस साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमलों के बाद यह पहली बार है जब चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान किसी क्रिकेट मैच में आमने-सामने आए थे। भारत ने इस आंतकी हमले के बाद मई में सीमा पार जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। पिछले महीने भारत ने एक नयी खेल नीति की घोषणा की जिसके अंतर्गत उसकी टीमों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी लेकिन वे बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में एक दूसरे से खेल सकते हैं।
