Team india missing Mohammed Shami: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट इस समय सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में चल रहा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने 11 रन की बढ़त ले ली है और उसके पास अभी भी पांच विकेट बाकी हैं। पूर्व कप्तान डीन एल्गर, जो अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे हैं, क्रीज पर मौजूद हैं और वह पहले ही 140 रन बना चुके हैं। भारतीट टीम को इस मैच में शमी की कमी खल रही है।
भारत मोहम्मद शमी और रवींद्र जड़ेजा की मौजूदगी के बिना दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट खेल रहा है। जहां शमी टखने की चोट के कारण श्रृंखला से बाहर हैं, वहीं मंगलवार सुबह पीठ के ऊपरी हिस्से में दर्द की शिकायत के बाद जडेजा श्रृंखला के शुरुआती मैच में नहीं खेल पाए और टीम प्रबंधन ने उन्हें जोखिम में नहीं डालने का फैसला किया।
भारत को खल रही शमी की कमी- कार्तिक
जडेजा और शमी की गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाज सेंचुरियन में शानदार प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। शार्दुल ठाकुर और कृष्णा जैसे खिलाड़ी रंग में नहीं दिखे। वहीं भारतीय गेंदबाजों की खस्ता हालत को देखते हुए सीनियर विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज पर चर्चा के दौरान कहा कि भारत को सेंचुरियन टेस्ट में शमी की कमी खल रही है।
कार्तिक ने कही ये बात
दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज पर शमी के बारे में बोलते हुए कहा कि "एक गेंदबाज के रूप में उनका (शमी) कद बढ़ गया है। वह जसप्रीत बुमराह के लिए एक शानदार साधी हैं। आप इस तरह की पिच पर सीधे सीम के साथ कल्पना कर सकते हैं। मैं आपसे वादा करता हूं, उसे निश्चित रूप से यहां पर कुछ विकेट मिल गए होते। भारतीय टीम को सचमुच उनकी कमी खलती है।"
