क्रिकेट

'कभी-कभी विरोधी टीम से भी सीखना चाहिए'... कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने क्या कुछ कहा, यहां जानिए

Shubman Gill Full Post Match Statement: कोलंबो में श्रीलंकाई टीम ने अंतिम दिन जबरदस्त बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए जीत भारत के मुंह से छीन ली और मैच ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की। इस मैच के ड्रॉ होने के बाद भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

Shubman Gill Statement After Draw In Colombo Test: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ मैच ड्रॉ होने पर बात करते हुए कहा कि कभी-कभी टीम को अपने विरोधियों से भी सीखना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के आखिर में न्यूज़ीलैंड में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहेगा।

श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाजों के कड़े संघर्ष और 'रन मशीन' सोनल दिनुशा के शानदार शॉट्स की वजह से टीम इंडिया 'क्लीन स्वीप' नहीं कर पाई और कोलंबो में मैच ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों ने हाथ मिलाए। भले ही भारत ने सीरीज़ 1-0 से जीती हो, लेकिन ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में उनके पॉइंट्स प्रतिशत पर असर पड़ा है। 19 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूज़ीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले वे स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर हैं।

BCCI के एक वीडियो में गिल ने कहा, "इस सीरीज से बहुत कुछ सीखने को मिला। मुझे लगता है कि हमने ठीक-ठाक खेला। ज़ाहिर है, इस मैच में हमें वह नतीजा नहीं मिला जो हम चाहते थे। दूसरे दिन के बाद हमें उम्मीद थी कि हम जीतेंगे, लेकिन श्रीलंका ने इन तीन दिनों में जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह काबिले तारीफ है। कभी-कभी आपको विरोधी टीम से भी सीखना चाहिए और उनके खेल की तारीफ करनी चाहिए। उम्मीद है कि न्यूज़ीलैंड में हमारी सीरीज़ अच्छी रहेगी।"

उन्होंने 'प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़' देवदत्त पडिक्कल की भी तारीफ की, जिन्होंने दो शानदार शतक लगाए और चोटिल साई सुदर्शन से आगे निकलकर भारत के लिए टेस्ट में नंबर तीन की जगह पक्की करने की दिशा में बड़ी छलांग लगाई। गिल ने पडिक्कल के बारे में कहा, "हम अक्सर कहते हैं कि जब कोई बल्लेबाज सेट हो जाए, तो उसे इसका पूरा फायदा उठाना चाहिए, और देवदत्त ने ऐसा करके दिखाया। यह हमारे लिए बहुत सकारात्मक संकेत है। सीरीज़ में जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, उसे देखना बहुत सुखद था। यह सचमुच खिलाड़ी की मानसिकता को दर्शाता है और हमारे लिए एक बहुत अच्छा सकारात्मक संकेत है।"

पडिक्कल तीन पारियों में 109.33 की औसत से 328 रन बनाकर भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने दो शतक लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रहा। अब चार टेस्ट और छह पारियों में उन्होंने 69.66 की औसत से 418 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है। गिल ने सीरीज़ में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर मानव सुथार की भी तारीफ की, जिन्होंने गाले में दस विकेट लिए थे। उन्होंने कहा कि मानव ऐसे खिलाड़ी लगते हैं जो लंबे समय तक भारत के स्पिन अटैक की कमान संभाल सकते हैं। गिल ने मौके बनाने की उनकी काबिलियत की भी सराहना की, जो उन्होंने पूरी सीरीज़ के दौरान अपनी टीम के लिए बखूबी किया।

उन्होंने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है और मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक भारत के स्पिन अटैक की कमान संभालेंगे। इस मैच और पहले मैच में भी उनकी गेंदबाजी देखना वाकई बहुत शानदार अनुभव था। कप्तान ने कहा, "जब भी वह गेंदबाजी करने आते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह मौके बनाएंगे और हमें विकेट दिलाएंगे, और उम्मीद है कि वह ऐसा करते रहेंगे।"

सुथार ने दो मैचों में 21.06 की औसत से 16 विकेट लेकर सीरीज खत्म की। उन्होंने पहले टेस्ट में चार और छह विकेट लिए, जिससे उन्हें अपने करियर में पहली बार एक मैच में दस विकेट लेने का कारनामा करने का मौका मिला। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/55 रहा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article