क्रिकेट

भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन, लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी टेस्ट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी ये मुकाबला साल 2026 में खेला जाएगा। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को इसका ऐलान किया।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (साभार BCCI Women)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारतीय महिला टीम पहली बार लॉर्ड्स में खेलेगी टेस्ट
  • जुलाई 2026 को खेला जाएगा ये ऐतिहासिक मुकाबला
  • पिछले तीन साल से इंग्लैंड की महिला टीम लॉर्ड्स में खेल रही है टेस्ट

लंदन: इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार को घोषणा की कि ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान 2026 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले महिला टेस्ट की मेजबानी करेगा। यह पहली बार होगा जब यह मैदान इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। ईसीबी ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि जुलाई 2025 में भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के बाद भारतीय टीम 2026 में एकमात्र टेस्ट के लिए वापस आयेगी।

दौरे पर खेली जाएगी पांच मैच की टी20 सीरीज

भारतीय टीम अगले साल 28 जून से 12 जुलाई के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी। टीम इसके बाद क्रमश: 16 (साउथम्पटन), 19 (लंदन) और 22 जुलाई (चेस्टर ली स्ट्रीट) को तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलेगी। ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गौल्ड ने कहा,'मुझे इस बात की भी खुशी है कि भारतीय महिला टीम 2026 में लॉर्ड्स में पहले महिला टेस्ट मैच में इंग्लैंड की महिला टीम से भिड़ने के लिए वापसी करेंगी। यह वास्तव में एक विशेष अवसर होगा।'

लॉर्ड्स में खेला जाएगा भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच

ईसीबी ने कहा,'यह भी पुष्टि की गई है कि भारतीय टीम 2026 में लॉर्ड्स में एकमात्र टेस्ट मैच के लिए वापस आएगी। इस मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच खेले जाने वाला यह पहला टेस्ट मैच होगा।'

तीन साल से इंग्लैंड की महिला टीम लॉर्ड्स में खेल रही है टेस्ट

इंग्लैंड की महिलाओं ने पिछले तीन वर्षों से लॉर्ड्स में सफेद गेंद वाले मैच खेले हैं, अगले साल एक और मैच निर्धारित है, लेकिन यह पहली बार होगा जब मैदान महिला टेस्ट मैच में भारत की मेजबानी करेगा। भारतीय टीम ने अपनी सरजमीं पर पिछले साल दिसंबर में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद इस साल जून-जुलाई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी सरजमीं पर खेले गये टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की है। भारत ने इंग्लैंड में अपना पिछला टेस्ट मैच 2021 में ब्रिस्टल में खेला था। यह मैच ड्रॉ पर छूटा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article