India vs Pakistan U19 Asia Cup 2025: भारत ने पाकिस्तान को दिया 241 का लक्ष्य, पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई टीम
- Authored by: समीर कुमार ठाकुर
- Updated Dec 14, 2025, 04:44 PM IST
India vs Pakistan U19 Asia Cup 2025: अंडर-19 एशिया कप में आज भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हो रहा है। दोनों टीम अपना पहला मुकाबला जीत चुकी है। भारत ने यूएई को तो पाकिस्तान ने मलेशिया को बड़े अंतर से पटखनी दी थी। दोनों टीमों के लिए आज का मुकाबला बेहद अहम रहने वाला है।
भारत बनाम पाकिस्तान (साभार-acc)
India vs Pakistan U19 Asia Cup 2025: अंडर-19 एशिया कप 2025 में दुबई के आईसीसी एकेडमी में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को जीत के लिए 241 रन का लक्ष्य दिया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। बारिश की वजह से 49 ओवर के खेले जा रहे मैच में भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी उतरे। वैभव सूर्यवंशी से पिछले मैच की तरह इस मैच में भी बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे अच्छी लय में दिख रहे थे। म्हात्रे ने 25 गेंद पर 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से 38 रन बनाए। ऐसा लग रहा था कि म्हात्रे एक बड़ी पारी की ओर अग्रसर हैं, उनका विकेट गिर गया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए आरोन जॉर्ज के साथ 49 रन की साझेदारी की।
भारतीय पारी का आकर्षण आरोन जॉर्ज रहे। जॉर्ज ने 88 गेंद पर 12 चौकों और 1 छक्के की मदद से 85 रन की पारी खेली। जॉर्ज के अलावा कनिष्क चौहान ने 46 गेंद पर 46 रन की पारी खेली। कनिष्क ने अपनी पारी में 3 छक्के और 2 चौके लगाए। भारतीय टीम 46.1 ओवर में 240 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद साएम और अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट लिए। निकाब शफीक ने 2, जबकि अली राजा और अहमद हुसैन ने 1-1 विकेट लिए।
दुबई की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन भारतीय टीम की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। इसलिए टीम को गेंदबाजी अच्छी करनी होगी। पाकिस्तान को शुरुआती ओवर में झटके देने होंगे। अगर टीम इंडिया शुरुआती 10 ओवर में 2 से 3 विकेट लेने में कामयाब रहती है, तो मैच में पकड़ बना सकती है।
भारत और पाकिस्तान मैच की हाईलाइट्स (India vs Pakistan Highlights)
- वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी की शुरुआत की।
- वैभव और आयुष ने पहले विकेट के लिए 20 गेंद में 29 रन की साझेदारी की।
- पिछले मैच के शतकवीर वैभव सूर्यवंशी 6 गेंद में 5 रन बनाकर मोहम्मद सय्याम का शिकार बने।
- कप्तान आयुष म्हात्रे 25 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए, भारत को 78 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा।
- भारत को तीसरा झटका विहान के रुप में लगा जो 12 रन बनाकरर आउट हुए, भारत ने अपना तीसरा विकेट 105 रन के स्कोर पर गंवाया।
- वेदांत त्रिवेदी ने निराश किया और 22 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हो गए।
- विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू और एलॉन जॉर्ज ने 5वें विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी की।
- अभिज्ञान कुंडू 32 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए, यह टीम इंडिया का 5वां विकेट था।
- एलॉन जॉर्ज 88 गेंद में 85 रन बनाकर आउट हुए और भारत को 174 रन के स्कोर पर छठा झटका लगा।
- कनिष्क चौहान और खिलान पटेल ने 7वें विकेट के लिए अहम 33 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को 200 रन के पार पहुंचाया।
- खिलान पटेल 6 रन बनाकर 7वें विकेट के तौर पर आउट जब भारतीय टीम का स्कोर 207 रन था।
- जल्द ही भारत ने कनिष्क चौहान के रुप में 8वां झटका लगा जो 46 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए।
दोनों टीमें टूर्नामेंट का पहला मैच जीतकर इस मुकाबले में उतर रही हैं। भारत ने पहले मुकाबले में यूएई को हराया, जबकि पाकिस्तान ने मलेशिया को करारी शिकस्त दी थी। वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ तूफानी शतक जड़ा था। 95 गेंदों में उनकी 171 रनों की शानदार पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 433-6 का विशाल स्कोर खड़ा किया और 234 रनों से जीत हासिल की। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने 346 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मलेशिया को 48 रनों पर ऑल आउट कर दिया और 297 रनों से जीत दर्ज की। पाकिस्तान के लिए समीर मिन्हास ने 177 रन और अहमद हुसैन ने 132 रन बनाकर टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाया। आज जब दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ उतरेगी तो नजर वैभव और समीर मिन्हास की बल्लेबाजी पर होगी।
भारत और पाकिस्तान में आज की प्लेइंग इलेवन-
पाकिस्तान U19 (प्लेइंग XI): उस्मान खान, समीर मिन्हास, अली हसन बलूच, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसन, नकाब शफीक, अब्दुल सुभान, मोहम्मद सय्याम, अली रजा।भारत U19 (प्लेइंग XI): आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, हेनिल पटेल।
भारत और पाकिस्तान की टीम (India vs Pakistan Squad)
भारत U19 टीम (India U19 Team): आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, हेनिल पटेल, हरवंश पंगलिया, नमन पुष्पक, उधव मोहन, युवराज गोहिल।
पाकिस्तान U19 टीम (PAK U19 Team): उस्मान खान, समीर मिन्हास, अली हसन बलूच, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसन, नकाब शफीक, दानियाल अली खान, मोहम्मद सय्याम, अली रजा, अब्दुल सुभान, मोहम्मद हुजैफा, मोमिन कमर, मोहम्मद शायान।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पांचवे टी20 मैच का लाइव स्कोर की हर अपडेट (IND Vs SA Live Score Today Match) के लिए जुड़े रहे हमारे साथ।