भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे की शुरुआत अच्छे नोट के साथ की है। 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच में भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में 16 रन की दरकार थी और मोहम्मद सिराज ने छक्कों की हैट्रिक लगाकर टीम इंडिया को 6 विकेट से जीत दिला दी। उन्होंने केशारा नुवांथा के इस ओवर में कुल 23 रन बटोरे और दूसरी पारी में टीम इंडिया का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन तक पहुंचा दिया। सिराज 15 गेंद में एक चौका और 4 छक्के की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी दूसरे दिन के स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन पर घोषित कर दी।
दूसरी पारी में श्रीलंका इलेवन ने 45 ओवर की बल्लेबाजी की और 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी में श्रीलंका इलेवन की ओर से निशान मदुश्का सर्वाधिक 63 रन की पारी खेली। भारत की ओर से इस पारी में आकिब नबी ने गेंदबाजी की जिन्हें जसप्रीत बुमराह की जगह शामिल किया गया है। 5 ओवर में नबी ने 27 रन दिए और वो विकेटलेस रहे।
श्रीलंका ने पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाए थे। श्रीलंका की ओर से इस पारी में 3 अर्धशतक लगे। निशान मदुश्का ने 66, रवींदु रसांथा ने 71 और सोनल दिनुशा ने 52 रन की पारी खेली। भारतीय टीम ने पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल के शानदार शतकीय पारी की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन बनाए। पडिक्कल ने 142 जबकि रवींद्र जडेजा ने 63 रन की पारी खेली।
