IND vs SA T20 World Cup 2026 Match Timing Today: अब टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 राउंड के मैच चल रहे हैं। ग्रुप चरण के कई रोमांचक मैचों के बाद अब टूर्नामेंट की सबसे सफल और बड़ी टीमों के बीच टक्कर चल रही है। सुपर 8 में आज भारत अपना पहला मैच खेलने जा रहा है। टीम इंडिया को इस चरण में तीन टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं और उसमें से आज पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने जा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) की टीमें पिछले टी20 विश्व कप की फाइनलिस्ट टीमें थीं। दोनों के बीच पिछले टी20 वर्ल्ड कप में रोमांचक खिताबी मुकाबला हुआ था जहां भारतीय टीम ने जीत दर्ज करते हुए दूसरी बार टी20 विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। उस दौरान भी दक्षिण अफ्रीकी टीम की अगुवाई एडेन मार्करम (Aiden Markram) कर रहे थे और इस बार भी कमान उन्हीं के हाथों में है। हालांकि, भारतीय कप्तान बदल चुका है, पिछले टूर्नामेंट में भारत के कप्तान रोहित शर्मा थे, जबकि इस बार सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) एक मजबूत टीम इंडिया की अगुवाई कर रहे हैं।
मौजूदा समय में भारत और दक्षिण अफ्रीका, दोनों ही टीमें शानदार लय में हैं और दोनों ही टी20 विश्व कप 2026 में अपराजित रहते हुए सुपर 8 चरण में पहुंची हैं। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम का विजय सफर तो पिछले विश्व कप से टूटा ही नहीं है। भारत ने पिछले टी20 वर्ल्ड कप से लेकर अब तक लगातार अपने जीतने के सिलसिले को बरकरार रखते हुए लगातार सबसे ज्यादा विश्व कप मैचों को जीतने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। अब टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं चाहेगी कि इस विश्व रिकॉर्ड के आंकड़े बढ़ने से थम जाएं।
T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के आंकड़े कैसे हैंः टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 35 मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में टीम इंडिया ने 21 बार दक्षिण अफ्रीकी टीम को शिकस्त देने में सफलता हासिल की है। जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम 13 मैचों में भारत को मात दे सकी है। दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक मैच बेनतीजा रहा था। दोनों टीमों की टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्विता में 61.76 प्रतिशत जीत का आंकड़ा भारत के पक्ष में है, जबकि दक्षिण अफ्रीका का जीत प्रतिशत 38.23 है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का सुपर 8 चरण में मैच किस तारीख को होना है? (IND vs SA T20 World Cup Match Date)
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच T20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 राउंड का मैच 22 फरवरी 2026, रविवार को खेला जाना है।
भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 मैच कहां खेला जाना है? (IND vs SA T20 World Cup Super 8 Match Venue)
भारतीय टीम और दक्षिण अफ्रीका टीम के बीच टी20 विश्व कप मैच गुजरात के अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में आयोजित होने वाला है।
इंडिया-दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्व कप का सुपर-8 मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (IND vs SA Match Time Today)
आज भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के बीच आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 का बड़ा व रोमांचक सुपर 8 राउंड मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस 6:30 बजे कराया जाएगा। अहमदाबाद के मैदान पर टॉस की अहमियत बहुत रहने वाली है।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज होने वाले मैच को भारत में टीवी पर कहां देख सकते हैं? (India vs South Africa T20 World Cup Match TV Telecast Channel In India)
आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 विश्व कप 2026 के अहम सुपर 8 मैच को भारत में आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में देख सकेंगे।
इंडिया और साउथ अफ्रीका T20 वर्ल्ड कप मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आज कहां देख सकते हैं? (IND vs SA T20 World Cup Match Live Streaming Today)
साउथ अफ्रीका और टीम इंडिया के बीच टी20 विश्व कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट (JioHotstar App And Website) पर देख सकेंगे।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीमें (India And South Africa Full Squads For ICC T20 World Cup 2026)
भारत की पूरी टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
दक्षिण अफ्रीका की पूरी टी20 टीम: एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्किया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के अब तक के नतीजेः आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अब तक भारत और दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप स्टेज में अपने-अपने चारों मैच जीतते हुए सुपर 8 चरण में मजबूती से जगह बनाई है। सबसे पहले बात भारत की कर लेते हैं। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में पहला मैच यूएसए के खिलाफ खेला था जहां उसने 29 रनों से जीत हासिल की। भारतीय टीम का दूसरा मैच नामीबिया के खिलाफ हुआ जहां उसने 93 रनों से विशाल जीत दर्ज की। इसके बाद ग्रुप चरण का तीसरा व सबसे बड़ा मैच पाकिस्तान से हुआ जिस मैच में भारत ने 61 रनों से जीत हासिल करते हुए टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान पर अपनी 9 मैचों में आठवीं जीत का रिकॉर्ड दर्ज कराया। वहीं, ग्रुप चरण में भारत का चौथा व आखिरी मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेला गया और भारत ने इस मैच में 17 रनों से जीत हासिल करते हुए विजयी चौका लगाया।
भारत के बाद अब दक्षिण अफ्रीकी टीम के ग्रुप स्टेज मैचों के नतीजे जान लेते हैं। दक्षिण अफ्रीका पहला मैच कनाडा के खिलाफ खेला और उस मैच में 57 रनों से जीत हासिल की। दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे दिलचस्प मैच खेला गया जिसमें मैच निर्धारित ओवरों के बाद टाई हो गया। फिर एक सुपर ओवर हुआ और वो भी टाई रहा। इसके बाद इतिहास में पहली बार डबल सुपर ओवर देखने को मिला और यहां भी अंतिम गेंद पर जाकर फैसला हुआ जिसमें साउथ अफ्रीका ने बाजी अपने नाम कर ली। साउथ अफ्रीका ने ग्रुप स्टेज में तीसरा मैच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला और उस मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर अपनी जीत की हैट्रिक लगाई। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने यूएई 6 विकेट से हराया और चार मैचों में चार जीत के साथ सुपर 8 राउंड में कदम रखा है।
आज के मैच पर किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरेंः वैसे तो दोनों ही टीमों में अनुभवी और प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों की अच्छा मिश्रण मौजूद है और सब एक से एक शानदार प्लेयर हैं। फिर भी अगर दोनों टीमें मिलाकर 5 खिलाड़ियों को चुनना हो, जिनसे आज सबसे ज्यादा उम्मीदें रहेंगी वो हैं, भारत के ओपनर ईशान किशन, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की तरफ से ओपनर व विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मारको यानसेन से उनकी टीम को सबसे ज्यादा उम्मीदें रहेंगी।
