क्रिकेट

IND vs SA: कोलकाता में जीत के बाद सातवें आसमान पर द.अफ्रीका के कोच, क्लीन स्वीप का बना लिया इरादा

IND vs SA 1st Test: साउथ अफ्रीका के हेड कोच शुकरी कोनराड की निगाहें गुवाहाटी में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर भारत के खिलाफ सीरीज में 2-0 से 'क्लीन स्वीप' करने पर हैं।कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर फतह हासिल करते हुए साउथ अफ्रीका ने 15 वर्षों के बाद भारतीय सरजमीं पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी।

Image

द.अफ्रीका कोच (फोटो- AP)

IND vs SA 1st Test: दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के हेड कोच शुकरी कोनराड ने भारत के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया है।कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहला टेस्ट मैच जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने 15 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय सरजमीं पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी। अब कोच कोनराड का लक्ष्य केवल एक मैच जीतना नहीं, बल्कि ऐतिहासिक सीरीज जीत हासिल करना है। दोनों देशों के बीच दूसरा और निर्णायक मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

कोच कोनराड: सीरीज जीतना ही असली लक्ष्य

निर्णायक मुकाबले से पहले शुकरी कोनराड ने अपनी टीम की पहली जीत को 'बहुत बड़ी उपलब्धि' बताया, लेकिन साथ ही जोर दिया कि उनका काम अभी खत्म नहीं हुआ है।कोनराड ने कहा, "यह हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी। भारत आकर ईडन गार्डन्स में खेलना और कुछ ऐसा करना जो हमने 15 सालों से नहीं किया। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। हमने पाकिस्तान में एक टेस्ट मैच जीता, अब हमने यहां भी एक टेस्ट मैच जीता है, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है। आप किसी देश में टेस्ट मैच जीतने नहीं आते, आप सीरीज जीतना चाहते हैं।"

टीम की एकजुटता और हार न मानने की मानसिकता

कोच कोनराड ने अपनी टीम की एकजुटता, आत्मविश्वास और कभी हार न मानने वाली मानसिकता पर गर्व व्यक्त किया।उन्होंने कहा, "मुझे इस टीम पर बहुत गर्व है, क्योंकि खिलाड़ियों में आत्मविश्वास है। वे एक यूनिट के रूप में एकजुट होकर खेलते हैं। यह हमारी मानसिकता के लिए और आगे चलकर हमारे लिए भी अद्भुत होगा।"

अपनी टीम की क्षमताओं पर बोलते हुए, कोनराड ने स्वीकार किया कि शायद उनके पास उतनी क्षमता (टैलेंट) न हो जितनी कई अन्य शीर्ष टीमों के पास है, लेकिन वे एकजुटता से उस कमी को पूरा करते हैं: "हालांकि, हमारे पास वह क्षमता नहीं है जो कई टीमों के पास है, या हमने अभी तक उस क्षमता का उपयोग नहीं किया है, इसके बावजूद हमारी जो कमी है, उसे हम एक यूनिट के रूप में खेलने की अपनी क्षमता से पूरा कर लेते हैं। हम कभी हार नहीं मानते।"

पहले टेस्ट मैच का रोमांचक सार

दक्षिण अफ्रीका ने ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 30 रन के करीबी अंतर से जीता था। यह मुकाबला बेहद लो स्कोरिंग रहा, जिसमें दोनों पारियां लड़खड़ाती रहीं। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीकी टीम सिर्फ 159 रन पर सिमट गई थी। जवाब में, भारत ने 189 रन बनाकर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल की। वहीं दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान टेम्बा बावुमा (नाबाद 55) की अर्धशतकीय पारी की मदद से दूसरी पारी में 153 रन बनाए, जिससे भारत को जीत के लिए केवल 124 रन का छोटा लक्ष्य मिला।भारतीय टीम इस आसान लक्ष्य को भी हासिल नहीं कर पाई और दूसरी पारी में सिर्फ 93 रन पर ढेर हो गई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article