क्रिकेट

IND vs SA: आज भारत-दक्षिण अफ्रीका की पहले टी20 में टक्कर, जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 28, 2022, 07:00 AM IST

India vs South Africa 1st T20I Preview: आज भारत और दक्षिण अफ्रीका की पहले टी20 में टक्कर होगी। दोनों टीमों की भिड़ंत शाम सात बजे से शुरू होगी। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम टी20 विश्व कप से पहले डेथ ओवरों में अपनी गेंदबाजी को बेहतर करने की फिराक में होगी।

Image

IND vs SA: आज भारत-दक्षिण अफ्रीका की पहले टी20 में टक्कर, जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों की टी20 सीरीज
  • बुधवार को सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा
  • तिरुवानंतपुरम के ग्रीनफील्डि स्टेडियम में होगी टक्कर

तिरुवनंतपुरम: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही तीन मैचों की श्रृंखला के जरिये भारतीय टीम टी20 विश्व कप से पहले डैथ ओवरों की अपनी गेंदबाजी बेहतर करने और बल्लेबाजों को अच्छा अभ्यास देने के इरादे से उतरेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि डैथ गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है। भारतीय टीम को अपने दो प्रमुख गेंदबाजों हार्दिक पंड्या और भुवनेश्वर कुमार की कमी खलेगी जिन्हें टी20 विश्व कप से पहले आराम दिया गया है।

नहीं खेलेंगे मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी अभी तक कोरोना संक्रमण से उबर नहीं सके हैं और वह तीनों मैच नहीं खेल पायेंगे। हर्षल पटेल चोट से उबरने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में लौटे लेकिन 12 की औसत से रन दे डाले और उनका इकॉनामी रेट नौ से ऊपर रहा। विश्व कप के लिये स्टैंडबाय दीपक चाहर को पिछली श्रृंखला में मौका नहीं मिला और अब तीन मैचों मे तेज गेंदबाजों को रोटेट किये जाने पर वह खेल सकते हैं।अर्शदीप सिंह से स्लॉग ओवरों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी जो जसप्रीत बुमराह का साथ देंगे।

अश्विन को मिलेगा मौका?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो मैचों में पिच सपाट रहने के बाद तीसरे मैच में टर्निग पिच पर युजवेंद्र चहल ने अच्छी गेंदबाजी की। ऑस्ट्रेलिया की पिचों को ध्यान में रखते हुए चहल अपने प्रदर्शन में सुधार के इरादे से उतरेंगे। विश्व कप से पहले सभी खिलाड़ियों को मौका देने की बात रोहित शर्मा कर चुके हैं लिहाजा आर अश्विन को अंतिम एकादश में उतारा जा सकता है।

बल्लेबाजी में केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं चल सके और वह इसकी भरपाई इस श्रृंखला में करना चाहेंगे।

फॉर्म में कोहली और रोहित

विराट कोहली और रोहित शर्मा फॉर्म में हैं और राहुल को भी तेज गति से रन बनाने होंगे। दिनेश कार्तिक को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ आठ गेंद खेलने को मिली और रोहित पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें क्रीज पर अधिक समय देने की जरूरत है। विश्व कप टीम में शामिल दीपक हुड्डा कमर की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को उतारा जा सकता है।

भारत अब तक नहीं जीता

भारत ने घरेलू द्विपक्षीय श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका को हराया नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप के ग्रुप चरण में दोनों टीमों का सामना होगा लेकिन उसमें हालात अलग होंगे। दोनों टीमें इन तीन मैचों में अपनी कमजोरियों का पता करके उन पर मेहनत कर सकती हैं। दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया में पिचें अलग होंगी और मैदान बड़े होंगे लेकिन गेंदबाज को हमेशा अपने प्रदर्शन पर काम करते रहना चाहिये। भारतीय बल्लेबाजों को आजमाने का यह सुनहरा मौका होगा।’’

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।

दक्षिण अफ्रीका: तेंबा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, ब्योर्न फोर्चून, रीजा हेंडरिक्स, हेनरिच क्लासेन, मार्को जानसेन, केशव महारात, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडि, एनरिच नोर्किया, वेन परनेल, एंडिले फेलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, कैगिसो रबाडा, रिली रोसोयू, तबरेज शम्सी, ट्रिस्टान स्टब्स।

End of Article