India vs England 1st Test: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। यह मैच 20 जून, शुक्रवार से हेडिंग्ली स्टेडियम, लीड्स में खेला जाएगा। इस टीम में तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन को तीन साल बाद वापस बुलाया गया है। ओवरटन ने जून 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जहां उन्होंने दो विकेट लिए और 97 रन बनाए थे।
31 वर्षीय ओवरटन को टीम में शामिल करना तय हो गया जब गस एटकिंसन हॅमस्ट्रिंग चोट के कारण आउट हो गए। एटकिंसन को यह चोट नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में जिम्बाब्वे के खिलाफ वन-ऑफ टेस्ट के दौरान लगी थी।ओवरटन के नाम 97 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 2,383 रन बनाए हैं, जिसमें 120 उनका सर्वोच्च स्कोर है। गेंदबाजी में उन्होंने 237 विकेट लिए हैं, जिसमें सात बार चार और छह बार पांच विकेट शामिल हैं।
वोक्स और बेथेल को भी मौका
इस टीम में क्रिस वोक्स को भी वापस बुलाया गया है, जिन्होंने 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में हिस्सा लिया था। साथ ही, युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बेथेल को भी टीम में शामिल किया गया है। बेथेल ने आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 82 रन की पारी खेली थी।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में चोट का संकट
इंग्लैंड को इस सीरीज में अपने पूरी ताकतवर गेंदबाजी लाइनअप के बिना खेलना पड़ सकता है, क्योंकि मार्क वुड और ओली स्टोन अभी भी घुटने की चोट से उबर रहे हैं। वहीं, जोफ्रा आर्चर को भी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए अंगूठे में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर रखा गया है। आर्चर के दूसरे टेस्ट से पहले फिट होने की उम्मीद नहीं है, जो 2 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन में शुरू होगा।
WTC में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य
इंग्लैंड पहले दो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) संस्करणों में फाइनल तक नहीं पहुंच पाया था, इसलिए इस बार वह एक मजबूत शुरुआत करना चाहेगा।
इंग्लैंड की टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, ज़ाक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओल्ली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वूक्स।
