
IND vs ENG 1st Test day 3 Highlights: पोप की पारी से मैच में बना हुआ है इंग्लैंड, 126 रन की ली बढ़त
India Vs England 1st Test day 3 Highlights: ओली पोप की शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड टीम ने टीम इंडिया के खिलाफ बढ़त हासिल कर ली है। पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने 421 रन और 7 विकेट से आगे खेलना शुरू किया। टीम 121 ओवर में 436 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 190 रन की बढ़त दी। रवींद्र जडेजा शतक पूरा नहीं कर पाए। वे 180 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 87 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह गोल्डन डक हो गए, जबकि अक्षर पटेल अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। वे 44 रन पर आउट हो गए। इससे पहले केएल राहुल ने 86 रन और यशस्वी जायसवाल ने 80 रन की पारी खेली थी। बता दें कि इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए पहली पारी में कुल 246 रन बनाए थे।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 77 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 316 रन बनाए। इसके साथ ही इंग्लैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ 126 रन की बढ़त हासिल कर ली है। ओली पोप ने 208 गेंदों पर 17 ओवर में 148 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, बेन डकेट अर्धशतक से चूक गए। वे 47 रन पर आउट हो गए। भारत के जसप्रीत बुमराह और रवि अश्विन ने दो-दो विकेट चटकाए।