IND vs BAN 2nd ODI Live Score, India vs Bangladesh ODI Live Cricket Score (भारत बनाम बांग्लादेश वनडे मैच लाइव क्रिकेट स्कोर): भारत और बांग्लादेश की बुधवार को दूसरे वनडे में भिड़ंत होगी। दोनों टीमें ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में टकराएंगी। मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े ग्यारह बजे शुरू होगा। बांग्लादेश ने तीन वनडे मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। लिटन दास की अगुवाई वाली बांग्लादेश टीम ने पहला मैच 1 विकेट से जीता था। बांग्लादेश की नजर सीरीज में निर्णायक बढ़त हासिल करने पर होगी। वहीं, रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली टीम इंडिया 'करो या मरो' मुकाबला जीतकर वापसी करने की फिराक में होगी।
186 पर ढेर हो गई भारतीय टीम
भारतीय टीम पहले वनडे में बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 41.2 ओवर में 186 रन पर सिमट गई थी। केएल राहुल (73) को छोड़कर कोई भी बांग्लादेशी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला नहीं कर सका। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और बांग्लादेश के 9 विकेट सिर्फ 136 के कुल स्कोर पर गिरा दिए। लेकिन बांग्लादेश मेहदी हसन मिराज (नाबाद 38) और मुस्तफिजुर रहमान (नाबाद 10) के दरम्यान आखिरी विकेट के लिए हुई अर्धशतकीय के दम पर जीत दर्ज करने में कामयाब रहा। भारत को अब दूसरे वनडे में अपने बड़े खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
