
India-A vs Pakistan-A, Emerging Asia Cup 2023 Final Match Highlights: पाकिस्तान ने भारत को दी 128 रन से मात, लगातार दूसरी बार जीता खिताब
India A vs Pakistan A Score, IND A vs PAK A Emerging Asia Cup 2023 Match Highlights: तैयब ताहिर की 108 रन की आक्रामक पारी के बाद वामहस्त स्पिनर सूफियान मुकीम (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से पाकिस्तान ए ने एमर्जिंग एशिया कप एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ए को 128 रन से शिकस्त देकर अपने खिताब का बचाव किया। गत चैम्पियन पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 352 रन बनाने के बाद भारतीय पारी 40 ओवर में 224 रन पर समेट दी। भारत ए के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 51 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 61 रन बनाये। साई सुदर्शन (28 गेंद में 29 रन) और कप्तान यश धुल (41 गेंद में 39 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। पाकिस्तान ए के लिए सूफियान ने 10 ओवर में 66 रन खर्च कर तीन विकेट लिये जिसमें अभिषेक और धुल का विकेट भी शामिल है। टीम के लिए अरशद इकबाल, मेहरान मुमताज और मोहम्मद वसीम ने दो-दो जबकि मुबासिर खान ने एक विकेट चटकाया।