सेंचुरियन: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में पारी और 32 रन के अंतर से हार मिली। भारतीय बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के पेस अटैक का सामना नहीं कर सकी। पहली पारी में भारतीय टीम 245 रन बनाकर आउट हुई। केएल राहुल(101) के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज पिच पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। इसके बाद द. अफ्रीका ने 408 रन बनाकर भारतीय टीम पर पहली पारी में 165 रन की बढ़त हासिल की और टीम को दोबारा बल्लेबाजी के लिए भेजा। ऐसे में टीम इंडिया फिर पिच पर नहीं टिक पाई। इस बार विराट 76 रन बना सके। भारत के 9 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का द. अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना फिर अधूरा रह गया।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल
पांचवें पायदान पर खिसकी टीम इंडिया
भारतीय टीम की यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे सायकल की यह दूसरी सीरीज थी। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज 1-0 से जीती थी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में पांचवें पायदान पर खिसक गई है। टीम इंडिया के खाते में 3 मैच में 1 जीत एक हार और एक ड्रा के साथ कुल 16 अंक हैं। 44.44 जीत प्रतिशत के साथ वह पांचवें पायदान पर काबिज हो गई है।
दक्षिण अफ्रीका पहुंचा टॉप पर
दक्षिण अफ्रीका टीम को सेंचुरियन टेस्ट में जीत का बड़ा फायदा हुआ है। 1 टेस्ट में एक जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका के खाते में 12 अंक हो गए हैं। 100 प्रतिशत जीत प्रतिशत के साथ वो अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज हो गई है। दूसरे पायदान पर पाकिस्तान की टीम है। पाकिस्तान के खाते में 61.11 जीत प्रतिशत के साथ 22 अंक हैं। वहीं न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की टीमों 1-1 जीत और पचास जीत प्रतिशत के साथ तीसरे और चौथे पायदान पर है। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 30 अंक और 41.67 जीत प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर काबिज है।
