क्रिकेट

ICC World Cup 2023: वेन्यू के निरीक्षण के लिए भारत आएगा पाकिस्तान का विशेष दल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 1, 2023, 08:15 PM IST

आईसीसी द्वारा विश्व कप 2023 का कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद पाकिस्तान ने पाकिस्तानी टीम की विश्व कप के दौरान सुरक्षा समीक्षा के लिए एक विशेष दल भारत भेजने फैसला किया है।

Image

रोहित शर्मा और बाबर आजम

मुंबई: भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले 13वें आईसीसी वर्ल्ड कप के कार्यक्रम का ऐलान हो चुका है। पाकिस्तानी टीम कार्यक्रम के ऐलान के बाद से ही विश्व कप में शिरकत करने को लेकर आना काना कर रही है। पाकिस्तानी टीम का विश्व कप 2023 में भाग लेना अधर में अटक गया है। पीसीबी ने बयान दिया है कि इस बारे में फैसला पाकिस्तान सरकार को करना है। उसकी अनुमति के बगैर पाकिस्तानी टीम भारत दौरे पर नहीं आ सकेगी।

सुरक्षा जांच के लिए विशेष दल भेजेगा पाकिस्तान

ऐसे में अब खबर आ रही है कि विश्व कप 2023 के दौरान पाकिस्तानी टीम जिन मैदानों पर मैच खेलेगी वहां की सुरक्षा की समीक्षा के लिए पाकिस्तान का खेल मंत्रालय एक दल भारत भेजेगा। ये दल भारत कब आएगा उसकी तारीख का ऐलान पाकिस्तान के विदेश और आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय की सलाह के बाद किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था और अन्य चीजों की समीक्षा के लिए जो दल भारत दौरे पर जाएगा उसमें पीसीबी के भी सदस्य होंगे। माना जा रहा है कि दल चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद का दौरा करेगा।

15 अक्टूबर को होगा महामुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आम तौर पर भारत या पाकिस्तान दौरे पर जाने वाली टीम अपनी सरकार से दौरे के लिए अनुमति लेने से पहले टीम की सुरक्षा और व्यवस्था की समीक्षा करती है। इसके लिए एक विशेष दल भेजा जाता है। विशेष दल भारतीय बोर्ड के अधिकारियों के साथ इस मामले में चर्चा करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

सुरक्षा दल अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। अगर उसे लगता है कि पाकिस्तान के लिए किसी अन्य वेन्यू में खेलना मुफीद होगा तो वो इस बात की जिक्र आईसीसी और बीसीसीआई से अपनी रिपोर्ट में करेगा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article