क्रिकेट

ICC Test Ranking: गेंदबाजों में टॉप पर लौटे जसप्रीत बुमराह, बल्लेबाजों में इस स्थान पर पहुंचे यशस्वी जायसवाल

भारत की पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के हीरो रहे कप्तान जसप्रीत बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों में फिर से दुनिया के नंबर वन गेंदबाज बन गए हैं। वहीं पर्थ के शतकवीर यशस्वी जायसवाल दूसरे स्थान पर काबिज हो गए हैं।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • बुमराह फिर बने दुनिया के नंबर वन टेस्ट गेंदबाज
  • तीसरे से पहुंचे पहले पायदान पर
  • पर्थ टेस्ट में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन का हुआ फायदा

दुबई: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच विजयी गेंदबाजी स्पैल की बदौलत बुधवार को कगिसो रबाडा और जोश हेजलवुड को पछाड़कर फिर आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गए। कार्यवाहक कप्तान बुमराह ने मैच में 72 रन देकर आठ विकेट झटके जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से रौंदकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।

बुमराह ने रबाडा और हेजलवुड को पछाड़ा

पर्थ टेस्ट से पहले बुमराह गेंदबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर थे। अब वह करियर के सर्वश्रेष्ठ 883 रैंकिंग अंक पर पहुंच गये हैं जिससे उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के रबाडा (872 अंक) और ऑस्ट्रेलिया के हेजलवुड (860 अंक) को पीछे छोड़ दिया। बुमराह के साथी मोहम्मद सिराज ने पर्थ टेस्ट में पांच विकेट झटके जिससे उन्हें भी तीन पायदान का फायदा हुआ और वह 25वें स्थान पर पहुंच गये।

दूसरे पायदान पर पहुंचे यशस्वी जायसवाल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 161 रन की शानदार पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 825 अंक की मदद से बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के जो रूट (903 अंक) से पीछे दूसरे स्थान पर पहुंचे। अनुभवी स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का ऊपर की ओर चढ़ना जारी है, उन्होंने अपने 30वें टेस्ट शतक से नौ पायदान के सुधार के साथ 13वां स्थान हासिल किया।

ऑलराउंडर्स में टॉप पर बने हुए हैं जडेजा और अश्विन

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 736 अंक से छठा स्थान कायम रखा है। रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन हालांकि पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेले थे लेकिन उनकी जोड़ी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article