18 जून से 9 जुलाई के बीच वर्ल्ड कप क्वालीफायर का मुकाबला खेला जा रहा है। इस दौरान यूएस और नीदरलैंड के बीच हुए एक मैच में ऐसा नजारा देखने को मिला कि फैंस कुछ समझ नहीं पाए। दरअसल इस मैच के दौरान जब यूएस की टीम गेंदबाजी कर रही थी तो उसके तेज गेंदबाज ने नीदरलैंड के बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर आउट किया। लेकिन कैच लेने के बाद उनका सेलिब्रेशन बिल्कुल अनोखा था।
अनोखे अंदाज में किया सेलिब्रेट
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड ने धीमी शुरुआत की। चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर गेंदबाज अली खान ने विक्रमजीत सिंह को कॉट एंड बोल्ड कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी पॉकेट से एक टेप निकाला और अपने मुंह पर लगा लिया। विकेट लेने के बाद गेंदबाज का यह सेलिब्रेशन तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस यूनिक सेलिब्रेशन के पीछे का कारण भी पूछ रहे हैं। एक यूजर ने इसके पीछे के कारण को भी बताया है। उसने लिखा है कि कुछ दिन पहले यूएस और जर्सी के बीच हुए एक मैच में इन्होंने स्लेजिंग की थी, जिसके बाद उन पर दो मैच का बैन लगा दिया गया था। अब वह एक बार फिर वापसी कर रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने कुछ न बोलने के स्टाइल में इस विकेट को सेलिब्रेट किया।
नीदरलैंड ने जीता मैच
मैच की बात करें तो सयान जहांगीर के 71 और जेसी सिंह के 38 रन की पारी के दम पर यूएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए और नीदरलैंड के सामने 213 रन का लक्ष्य रखा, जिसे उसने 40 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। नीदरलैंड की तरफ से स्कॉट एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 67 रन की पारी खेली। यूएस की टीम अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है। अब तक वह 3 मुकाबला हार चुकी है।
