क्रिकेट

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बीसीसीआई ने दिखाई सख्ती, खिलाड़ियों के साथ नहीं जा सकेंगे परिजन

Champions Trophy 2025 Rules: 19 फरवरी 2025 से खेली जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 सो पहले बीसीसीआई ने एक बड़ा कदम उठा लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड ने ये साफ कर दिया है कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान खिलाड़ियों के साथ खिलाड़ी नही जाने वाले हैं।

Image

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (फोटो- Instagram)

Champions Trophy 2025 Rules: चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के परिजन साथ नहीं जायेंगे चूंकि बीसीसीआई की नयी यात्रा नीति पहली बार इस टूर्नामेंट के जरिये लागू हो रही है ।भारतीय टीम को पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेलना है जिसके बाद 23 फरवरी को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से सामना है । न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला दो मार्च को होना है । रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम सारे मैच दुबई में खेलेगी जबकि बाकी टूर्नामेंट 19 फरवरी से पाकिस्तान के तीन शहरों में होगा ।

चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल नौ मार्च को है लिहाजा यह दौरा तीन सप्ताह से कम समय का ही है जिसमें बीसीसीआई खिलाड़ियों के परिवार को साथ जाने की अनुमति नहीं देगा । नयी नीति के तहत 45 दिन या उससे लंबे दौरे पर ही परिवार खिलाड़ियों के साथ अधिकतम दो सप्ताह के लिये जा सकता है ।

बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा कि 'अगर कुछ बदलता है तो बात अलग है लेकिन अभी तो खिलाड़ियों के साथ उनका परिवार नहीं जा रहा । एक सीनियर खिलाड़ी ने इसके बारे में पूछा था लेकिन उसे बताया गया कि नयी नीति का पालन किया जायेगा ।’बीसीसीआई की नीति में कहा गया है कि 'विदेश दौरे पर 45 दिन या अधिक समय भारत से बाहर रहने पर खिलाड़ी की पत्नी और बच्चे (18 वर्ष से कम उम्र के) अधिकतम दो सप्ताह के लिये साथ रह सकते हैं । इस नीति से अलग जाने पर उन्हें कोच, कप्तान और जीएम परिचालन से अनुमति लेनी होगी । इससे इतर अवधि के लिये खर्च भी बीसीसीआई नहीं उठायेगा।'आस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत की 1 . 3 से हार के बाद यह नीति बनाई गई थी ।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article