क्रिकेट

संजू सैमसन को नहीं खिलाने पर हार्दिक पांड्या ने तोड़ी चुप्‍पी, आलोचनाओं का दिया तगड़ा जवाब

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Nov 23, 2022, 01:17 PM IST

Hardik Pandya on Sanju Samson: भारतीय टी20 टीम के कप्‍तान हार्दिक पांड्या ने संजू सैमसन और उमरान मलिक को मौका नहीं देने पर आखिरकार अपनी चुप्‍पी तोड़ दी है। हार्दिक पांड्या ने कहा कि वो संजू सैमसन को मौका नहीं देने पर हो रही आलोचनाओं की परवाह नहीं कर रहे हैं।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

KEY HIGHLIGHTS
  • संजू सैमसन को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला
  • न्‍यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्‍सा हैं संजू सैमसन
  • हार्दिक पांड्या ने संजू सैमसन को शामिल नहीं करने पर चुप्‍पी तोड़ी है

नेपियर: भारतीय (India Cricket team) टी20 टीम के कप्‍तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने कहा कि न्‍यूजीलैंड (New Zealand Cricket team) के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और उमरान मलिक (Umran Malik) को प्‍लेइंग 11 में शामिल नहीं करने पर हो रही आलोचनाओं की वो परवाह नहीं कर रहे हैं।

माउंट मॉनगनुई और नेपियर में हुए दो मुकाबलों में भारत ने केवल एक बदलाव किया, जहां वॉशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) की जगह हर्षल पटेल (Harshal Patel) को शामिल किया गया। न्‍यूजीलैंड के खिलाफ 1-0 से टी20 सीरीज जीतने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि वो छोटी सीरीज में बदलाव में विश्‍वास नहीं रखते हैं।

पांड्या ने कहा, 'बाहर से लोग जो बोल रहे हैं, वो इस स्‍तर पर मायने नहीं रखता है। सबसे पहली बात, यह मेरी टीम है। कोच और मैं वो टीम चुनते हैं, जो सही लगती है। काफी समय है, हर किसी को मौका मिलेगा। जब एक को मौका मिलेगा तो उसे ज्‍यादा वक्‍त दिया जाएगा।'

भारतीय कप्‍तान ने आगे कहा, 'अगर यह लंबी सीरीज होती। अगर ज्‍यादा मैच होते तो निश्चित ही मौका दिया जाता। मगर जब यह छोटी सीरीज है, तो मुझे बदलाव में विश्‍वास नहीं। भविष्‍य में भी मेरी यही धारणा होगी।' 29 साल के हार्दिक पांड्या ने हालांकि, स्‍वीकार किया कि नियमित तरह एक खिलाड़ी को बेंच पर बिठाना मुश्किल है।

उन्‍होंने कहा, 'आप भारतीय टीम में है, लेकिन आपको प्‍लेइंग 11 में मौका नहीं मिला। यह मुश्किल है। मगर मैं अगर स्‍वस्‍थ माहौल बना पाया, जहां खिलाड़ी आकर मुझसे कहे कि बुरा महसूस कर रहा है या कोच से बात करें, तो मेरे ख्‍याल में परेशानी नहीं होगी। मेरा बर्ताव है कि मैं सुनिश्चित कर सकूं कि सब एकसाथ हैं।'

संजू सैमसन ने 2022 में पांच टी20 इंटरनेशनल पारियों में 44.75 की औसत और 158.40 के स्‍ट्राइक रेट से 179 रन बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। अब यह देखना दिलचस्‍प होगा कि संजू सैमसन को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में मौका मिलता है या नहीं।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article