आईपीएल 2023 फाइनल मैच का मंच सेट है। इस बार मुकाबला 4 बार की चैंपियन चेन्नई और डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के बीच होगा। एक तरफ एमएस धोनी की कप्तानी होगी तो दूसरी तरफ आशीष नेहरा और हार्दिक पांड्या की नंबर वन जोड़ी है जो टीम को लगातार दूसरी बार फाइनल तक ले आई है।
इस मुकाबले में गुजरात का पलड़ा भारी नजर आ रहा है क्योंकि टीम में मैच विनर की कमी नहीं हैं। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की ओपनिंग जोड़ी भी पूरे सीजन अच्छा खेली है और इस बड़े मैच में भी उनसे इसी तरह की शुरुआत की उम्मीद होगी। इस बड़े मैच से पहले जान लेते हैं कि कौन से वो पांच खिलाड़ी होंगे जिन पर टीम को ट्रॉफी जीताने की जिम्मेदारी होगी।
शुभमन गिल- ऑरेंज कैप होल्डर शुभमन गिल जबरदस्त फॉर्म में हैं। 851 रन बना चुके गिल ने दूसरे क्लालीफायर मुकाबले में इस सीजन का तीसरा शतक जड़ा था। फाइनल मुकाबले में उनसे एक ऐसी ही पारी की उम्मीद है और मुंबई के खिलाफ मैच के बाद उन्होंने कहा भी था कि वह अच्छी पारी खेलने की कोशिश करेंगे।
डेवॉन कॉन्वे- चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे अब तक 625 रन बना चुके हैं। उन्होंने रुतुराज के साथ मिल कर ज्यादातर मैच में चेन्नई को अच्छी शुरुआत दी है। गुजरात के खिलाफ यदि चेन्नई को जीत दर्ज करनी है तो कॉन्वे को एक बार फिर अच्छी शुरुआत देनी होगी।
मोहम्मद शमी- पर्पल कैप होल्डर मोहम्मद शमी शानदार लय में हैं। 16 मैच में 28 विकेट ले चुके मोहम्मद शमी ने हर मैच में अपनी टीम को पावरप्ले में सफलता दिलाई है। ऐसे में फाइनल मुकाबले में अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहता है तो चेन्नई के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है। 28 में से 17 विकेट शमी ने पावरप्ले में हासिल किए हैं।
राशिद खान- राशिद खान एक मैच विनर खिलाड़ी हैं। 27 विकेट के साथ पर्पल कैप सूची में दूसरे नंबर पर रहने वाले राशिद खान बड़े मैच के प्लेयर हैं और चेन्नई के खिलाफ इस मैच में उन पर निर्भर करेगा कि गुजरात कैसा प्रदर्शन करती है?
रुतुराज गायकवाड़- 15 मैच में 43.38 की औसत से 564 रन बना चुके गायकवाड़ ने गुजरात के खिलाफ इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहले ही मैच में गुजरात के खिलाफ 92 रन की तूफानी पारी खेली थी। फाइनल मुकाबले में गायकवाड़ की कोशिश होगी कि वह कॉन्वे के साथ मिल कर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दें।
