क्रिकेट

अजय जडेजा ने किया टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का बचाव, कहा-इतनी जल्दी...

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज अजय जडेजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट टीम की 0-3 से करारी हार के बाद आलोचकों के निशाने पर आए हेड कोच गौतम गंभीर का बचाव किया है। जानिए जडेजा ने गंभीर का बचाव करते हुए क्या कहा?

Image

अजय जडेजा

नई दिल्ली: भारत के मध्यक्रम के पूर्व बल्लेबाज अजय जडेजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में मिली 0-3 की हार के बाद आलोचना का सामना कर रहे राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर का बचाव करते हुए शनिवार का यहां कहा कि इतने कम समय में किसी के प्रदर्शन का आकलन करना अनुचित है।

गंभीर का ऐसा रहा है कार्यकाल

भारत के 2011 विश्व कप खिताब जीत के नायकों में शामिल गंभीर ने जुलाई में राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भारतीय टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने अपने कार्यकाल का आगाज श्रीलंका के खिलाफ टी20 श्रृंखला में जीत के साथ शानदार तरीके से किया था लेकिन इसके बाद टीम को उस दौरे पर एकदिवसीय श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने इसके बाद घरेलू सरजमीं पर टेस्ट श्रृंखला में बांग्लादेश को 2-0 से शिकस्त दी लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

पर्थ की जीत ने बढ़ाया है मनोबल

जडेला ने ‘फिक्की टर्फ’ स्पर्धा के इतर ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा,'मुझे लगता है कि आप उसके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे हैं। किसी के प्रदर्शन का आकलन के लिए यह काफी कम समय है। हमें इस समय उनका मूल्यांकन करने की जगह उनका लुत्फ उठाना चाहिये।'न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की 295 रन की बड़ी जीत टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाली रही है और जडेजा का मानना है कि गंभीर को उनकी नियुक्ति के छह महीने के भीतर नहीं आंका जाना चाहिए।

हर किसी के जीवन में आते हैं उतार-चढ़ाव

भारत के लिए 196 एकदिवसीय में 5000 से ज्यादा रन बनाने वाले जडेजा ने कहा,'हर किसी के साथ कुछ चरण (समय का उतार-चढ़ाव) आते हैं, कभी आप जीतते हैं और कभी आप हारते हैं। इसलिए मैं उस दिशा में नहीं जाऊंगा और छह महीने में उनका (गंभीर का) मूल्यांकन करना शुरू नहीं करूंगा। आप जानते थे कि आप उनसे क्या उम्मीद रखते है और आपको क्या मिल रहा था। वह बहुत स्पष्ट व्यक्ति हैं और उन्होंने अपने पूरे जीवन में अपना दृष्टिकोण बिलकुल साफ रखा है। इसलिए, अब आप जो देख रहे हैं वह वही है जो हर कोई उनसे करने की उम्मीद करता है।'

रोहित के आने से बढ़ेगा टीम का आत्मविश्वास

जडेजा ने कहा कि नियमित टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा की छह दिसंबर से एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए वापसी से भारत का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा,'उनके (रोहित शर्मा) टीम में वापस आने से निश्चित रूप से भारत का आत्मविश्वास बढ़ेगा। वह एक नेतृत्वकर्ता हैं। जब टीम मुश्किल में थी तब उन्होंने खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली और अब जब टीम जीत रही थी तब भी उन्होंने अपनी भूमिका को अच्छे से निभाई।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article