क्रिकेट

टीम इंडिया का पूर्व तेज गेंदबाज चेक बाउंस मामले में हुआ गिरफ्तार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 31, 2024, 06:38 PM IST

नब्बे के दशक में भारतीय क्रिकेट टीम का नेतृत्व करने वाले तेज गेंदबाज प्रशांत वैद्य को नागपुर पुलिस ने चेक बाउंस मामले में गिरफ्तार किया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

प्रशांत वैद्य

नागपुर: चेक बाउंस मामले में नागपुर पुलिस ने पूर्व क्रिकेटर प्रशांत वैद्य को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह कार्रवाई उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट पर की। पुलिस अधिकारी ने बताया भारतीय टीम के लिए 90 के दशक में 4 वनडे मैच खेलने वाले वैद्य को अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

चेक बाउंस होने के मामले में हुई कार्रवाई

बजाज नगर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक विट्ठलसिंह राजपूत ने कहा,'उन्होंने कथित तौर पर एक स्थानीय व्यापारी से स्टील खरीदा था और एक चेक जारी किया था जो बाउंस हो गया, जिसके बाद व्यापारी ने नया भुगतान करने की मांग की। क्रिकेटर ने कथित तौर पर भुगतान करने से इनकार कर दिया इसलिए व्यापारी ने अदालत का रुख किया। अदालत की सुनवाई में शामिल न होने पर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।'

ऐसा रहा प्रशांत का करियर

वैद्य वर्तमान में विदर्भ क्रिकेट संघ की क्रिकेट विकास समिति के प्रमुख हैं। प्रशांत वैद्य को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के मौके बहुत कम मिले लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। प्रशांत दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज थे और उन्होंने विदर्भ और बंगाल की ओर से कुल 56 प्रथम श्रेणी मैच खेले जिसमें 28.6 के औसत से 171 विकेट अपने नाम किए। 128 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में प्रशांत ने 41 मैच में 29.1 के औसत से 46 विकेट अपने नाम किए। प्रशांत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1995 में डेब्यू किया था। अपने 4 मैच के वनडे करियर में 43.5 के औसत से 4 विकेट झटके। 41 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। 1996 में शारजाह में द. अफ्रीका के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article