क्रिकेट

BCB New President: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष बने फारूक अहमद, बोर्ड मीटिंग के दौरान नजमुल हसन ने दिया था इस्तीफा

BCB New President: बांग्लादेश में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को नया अध्यक्ष मिल गया है। फारूक अहमद को बीसीबी का नया अध्यक्ष चुना गया है। नजमुल हसन के इस्तीफे के बाद उन्हें यह पदभार दिया गया है।

Image

फारूक अहमद। (फोटो- Bangladesh Cricket Video Screengrab)

Photo : Twitter

BCB New President: फारूक अहमद को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का नया अध्यक्ष चुना गया है। नजमुल हसन के इस्तीफे के बाद उन्हें यह पदभार दिया गया है। हसन ने बुधवार को ढाका में हुई एक बोर्ड मीटिंग के दौरान अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल (एनएससी) द्वारा बोर्ड के निदेशकों में नामित किए जाने के बाद फारूक और नजमुल अबीदीन फहीम बुधवार को ढाका में बीसीबी के निदेशकों की बैठक में शामिल हुए थे। एनएससी ने जलाल युनूस और अहमद सज्जादुल आलम की जगह पर फारूक और फहीम को बोर्ड के निदेशकों में शामिल किया था। युनूस ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था जबकि आलम ने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया था।

बीसीबी की बैठक बुधवार को एनएससी के कार्यालय में हुई जिसमें महबूबुल अनम, खालिद महमूद, अकरम खान, सलाउद्दीन अहमद, काजी इनाम अहमद, इफ्तिखार अहमद और फहीम सिन्हा भी शामिल थे। 5 अगस्त को आवामी लीग की सरकार गिरने के बाद से हसन सहित अन्य 16 निदेशक लापता हैं।

बैठक में निदेशकों को बताया गया कि महिला टी20 विश्व कप को बांग्लादेश से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थानांतरित कर दिया गया है लेकिन अक्टूबर में होने वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी अभी भी बांग्लादेश के पास ही है। इसके बाद सीईओ ने तमाम निदेशकों को बताया कि नजमुल ने औपचारिक तौर पर उन्हें यह सूचित कर दिया है कि उन्होंने (नजमुल) बीसीबी के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। इसके ठीक बाद मौजूदा निदेशकों ने सर्वसम्मति से फारूक को नया अध्यक्ष चुन लिया।

फारूक 2003 से लेकर 2007 तक बांग्लादेश के मुख्य चयनकर्ता रह चुके हैं। उन्हें बांग्लादेश की क्रिकेट में नए दौर के आगाज का भी श्रेय दिया जाता है। उनके ही कार्यकाल में शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम और तमीम इकबाल जैसे युवा खिलाड़ियों को बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था। हसन इस साल जनवरी महीने से बांग्लादेश के खेल मंत्री थे। वह 2009 से ही आवामी लीग के सांसद थे। बीसीबी के निदेशकों में दो लापता निदेशक नजीब अहमद और शेख सोहेल पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भाई हैं।

हसन 17 अक्टूबर 2012 को बीसीबी के अध्यक्ष बने थे। इसके ठीक एक वर्ष बाद वह बीसीबी के पहले निर्वाचित अध्यक्ष बन गए। बोर्ड ने देश के सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अपने संविधान में बदलाव किया था, जिसके अंतर्गत अब बोर्ड का अध्यक्ष बोर्ड के निदेशकों द्वारा निर्वाचित किया जाना तय किया गया था। इससे पहले सरकार बीसीबी अध्यक्ष को नियुक्त किया करती थी।

बांग्लादेश की टीम इस समय पाकिस्तान में है जहां उसे दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है। दूसरा टेस्ट मैच 30 अगस्त से रावलपिंडी में खेला जाना है। पहले दूसरा टेस्ट मैच कराची में खेला जाना था लेकिन चैंपियंंस ट्रॉफ़ी के मद्देनज़र स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे रावलपिंडी में ही आयोजित करने का निर्णय लिया।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article