Yashasvi Jaiswal removed from team india champions trophy 2025 squad: 19 फरवरी 2025 से खेली जाने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना फाइनल स्क्वॉड जारी कर दिया है। इसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं जो कि पहले नजर नहीं आए थे। भारत को सबसे बड़ा झटका जसप्रीत बुमराह के रुप में लगा है जो कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से चोट के चलते बाहर हो गए हैं। उनकी जगह हर्षित राणा को जगह दी गई है। टीम में इसके अलावा एक और चौंकाने वाला बदलाव हुआ है जिससे हर कोई हैरान है। दरअसल फॉर्म में चल रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है। उन्हें किसी गेंदबाज या ऑलराउंडर नहीं बल्कि एक बल्लेबाज की जगह मौका दिया गया है। चक्रवर्ती के लिए जगह बनाने के लिए युवा सितारे यशस्वी जायसवाल को कुर्बानी देनी पड़ी है। यशस्वी को अचानक टीम के 15 सदस्यीय स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है।
यशस्वी जायसवाल भारत के उभरते हुए सितारे हैं और टीम के लिए टेस्ट से लेकर टी20 में जमकर रन बना रहे हैं। हालांकि उनकी पोजिशन के चलते वनडे में उन्हें जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है। इसके बावजूद कि यशस्वी ने इंग्लैंड दौरे से पहले एक भी वनडे मैच नहीं खेला था फिर भी उन्हें भारत के चैंपियंस ट्रॉफी स्क्वॉड में शामिल किया गया था। टीम ने उन पर काफी भरोसा जताया था लेकिन लगता है कि मैनेजमेंट का मूड बदल गया है और उन्होंने कुर्बानी देने के लिए यशस्वी को ही चुना है।
वरुण चक्रवर्ती को इसीलिए मिला मौका
वरुण चक्रवर्ती अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। चक्रवर्ती ने वनडे तो केवल एक ही खेला है लेकिन उनका टी20 में फॉर्म शानदार रहा है। वरुण चक्रवर्ती ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज में धमाल मचाया था। वरुण ने इस सीरीज में कुल 14 विकेट झटके थे। इसके बाद उन्हें कटक में खेले गए वनडे मैच में डेब्यू का मौका मिला, जिसमें उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खूब प्रभावित किया। ऐसे में टीम उन्हें टीम में जगह दी गई है। वे प्लेइंग 11 का भी हिस्सा हो सकते हैं।
केवल एक मैच के बाद ही ड्रॉप हुए यशस्वी
यशस्वी जायसवाल पर टीम ने भरोसा जताते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के प्री स्क्वॉड में जगह दी थी। यहां तक की भारत और इंग्लैंड पहले वनडे मैच में तो वे ओपनिंग भी करने आए और वो तो विराट कोहली चोटिल हो गए वरना टीम उन्हें श्रेयस अय्यर से भी आगे तरजीह दे रही थी। लेकिन पहले वनडे में वे फेल रहे वहीं दूसरी ओर श्रेयस अय्यर चमक गए जिसके बाद दूसरे वनडे ेमें ही उन्हें ड्रॉप कर दिया गया और अब चैंपियंस ट्रॉफी की टीम से भी बाहर कर दिया गया है। टीम के इस निर्णय पर हालांकि सवाल उठ रहे हैं क्योंकि आखिर एक मैच में ऐसा क्या बदल गया कि टीम ने अचानक यशस्वी पर भरोसा कम कर दिया। टीम के निर्णय के पीछे तर्क दिया जा सकता है कि वरुण बेहद अच्छे फॉर्म में थे और गिल और रोहित भी अच्छी ओपनिंग कर रहे थे ऐसे में यशस्वी की शायद ही जगह बनती लेकिन बिना ज्यादा मौके दिए बिना किसी को बाहर करना नाइंसाफी ही है। इसे लेकर कई फैंस भी नाराज नजर आ रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत का स्क्वॉड
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जड़ेजा, वरुण चक्रवर्ती।
ट्रेवलिंग रिजर्व- यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे।
