कोलकाता, भाषा। विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से इंग्लैंड ने आखिर तक जुझारू प्रदर्शन कर रही इटली को 24 रन से हराकर टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जैक्स की आक्रामक पारी के दम पर इंग्लैंड ने आखिरकार अपनी लय हासिल करते हुए 7 विकेट पर 202 रन बनाए। जैक्स ने 22 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए और टूर्नामेंट में पहली बार टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।
जवाब में इटली ने शानदार प्रदर्शन किया और एक समय लग रहा था कि कोई उलटफेर हो जायेगा, लेकिन इंग्लैंड ने समय पर वापसी की। इटली के लिये बेन मानेंटी ने 25 गेंद में 60 और ग्रांट स्टीवर्ट ने 23 गेंद में 45 रन बनाये। जैक्स ने समय पर मानेंटी को आउट करके इंग्लैंड को मैच में वापसी का मौका दिया। इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिये सैम करन ने 22 रन और जैमी ओवर्टन ने 18 रन देकर तीन-तीन विकेट लिये।
इटली ने किया इंग्लैंड को परेशान
एक समय पर इटली का स्कोर तीन विकेट पर 22 रन था, लेकिन बेन ने जबरदस्त पारी खेलकर सिर्फ 22 गेंद में अर्धशतक बनाया। यह टी20 विश्व कप का संयुक्त पांचवां सबसे तेज और एसोसिएट देश के किसी बल्लेबाज का संयुक्त दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने जैक्स को एक ओवर में दो चौके और दो छक्के समेत 21 रन निकाले। जस्टिन मोस्का ने बखूबी साथ निभाते हुए 34 गेंद में 43 रन बनाये। दोनों ने 48 गेंद में 92 रन की साझेदारी की लेकिन जैक्स ने बेन का विकेट लेकर पासा पलट दिया।
खराब शुरुआत के बाद इंग्लैंड ने की वापसी
इससे पहले टूर्नामेंट में खराब शुरूआत के बाद दो बार की चैम्पियन इंग्लैंड ने इस अहम मुकाबले में शानदार वापसी की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने का सिलसिला जारी रहा। एक समय पर इंग्लैंड के पांच विकेट 105 रन पर गिर गए थे जिसके बाद जैक्स और सैम करन (19 गेंद में 25 रन ) ने अच्छी साझेदारी की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 25 गेंद में 54 रन जोड़े।
इंग्लैंड के बल्लेबाज हुई थे फेल
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के लिये फिल साल्ट ने 15 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 28 रन बनाये। पहले पांच ओवर में इंग्लैंड ने 50 रन बना लिये थे। अनुभवी जोस बटलर का खराब फॉर्म जारी रहा और वह तीन रन बनाकर तीसरे ओवर में ग्रांट स्टीवर्ट का शिकार हुए। पावरप्ले के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 54 रन था। साल्ट को छठे ओवर में अली हसन ने आउट किया जिनका शानदार कैच डीप स्क्वेयर लेग में एंथोनी मोस्का ने लपका।
टॉम बेंटोन ने बनाए तेज 30 रन
जैकब बेथेल ने 20 गेंद में 23 रन बनाये लेकिन वह भी साल्ट के जाने के बाद टिक नहीं सके। कप्तान हैरी ब्रूक नौ गेंद में 14 रन बनाकर जेजे स्मट्स की गेंद पर आउट हुए। इससे पहले उन्होंने इसी गेंदबाज को लांग ऑफ और स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया था। टॉम बेंटोन ने 21 गेंद में 30 रन बनाये।
