ENG vs WI Highlights: जोस बटलर की तूफानी पारी के दम पर इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 3 विकेट खोकर 14.5 ओवर में हासिल कर लिया। जोस बटलर ने तूफानी पारी खेलते हुए 45 गेंद में 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रन बनाए। पहले टी20 में वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। बटलर के अलावा विल जैक्स ने 29 गेंद में 38 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ ही 5 मैच की टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।
इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोवमेन पॉवेल के 43 और रोमारियो शेफर्ड की 22 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से शाकिब महमूद, लियाम लिविंगस्टन और डेन मोसले ने 2-2 विकेट चटकाए। सीरीज का तीसरा मुकाबला 14 नवंबर को सेंट लुसिया में खेला जाएगा।
सीरीज में ली 2-0 की बढ़त
इस जीत के साथ ही जोस बटलर के नेतृत्व में इंग्लैंड ने 5 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। पहला टी20 मुकाबला इंग्लैंड ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। इस मुकाबले में फिल सॉल्ट ने शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को आसान जीत दिलाई थी। उन्होंने 54 गेंद में नाबाद 103 रन की पारी खेली थी।
