क्रिकेट

AUS vs SA: वनडे की दूसरी पारी भी फेल रहा टी20 का सुपरस्टार बल्लेबाज

AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेवाल्ड ब्रेविस का फ्लॉप शो जारी है। टी20 में तूफानी शतक जड़ने वाले ब्रेविस का वनडे करियर उम्मीद के मुताबिक न रहा। दो दमदार पारियों के बाद क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने डेवाल्ड ब्रेविस को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू का मौका दिया।

Image

डेवाल्ड ब्रेविस (साभार-X ICC)

AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज से पहले दोनों देशों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज भी खेली गई थी। टी20 सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले डेवाल्ड ब्रेविस वनडे सीरीज में अपना प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं। वह लगातार दूसरी पारी में फेल रहे। डेवाल्ड ब्रेविस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मैच में तूफानी शतक लगाया था। मात्र 56 गेंदों में 12 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 125 रन की पारी उनके बल्ले से निकली थी। इसके बाद तीसरे टी20 में भी उन्होंने 26 गेंद पर 6 छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली।

दो दमदार पारियों के बाद क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने डेवाल्ड ब्रेविस को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू का मौका दिया। ब्रेविस ने वनडे करियर की शुरुआत दमदार की पहले मैच की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन इसके अगले ही गेंद पर वह आउट हो गए। शुक्रवार को दूसरे वनडे में भी उनका बल्ला नहीं चला और 5 गेंद पर 1 रन बनाकर आउट हो गए। दोनों मैचों में उनके पास क्रीज पर रुकने और बड़ी पारी खेलने का समय था, लेकिन वे असफल रहे।

डेवाल्ड ब्रेविस महज 22 साल के हैं। उनका नाम दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी के भविष्य के रूप में लिया जाता है। उनमें फैंस एबी डिविलियर्स का अक्स भी देखते हैं। यही वजह है कि उन्हें 'बेबी एबी' भी कहा जाता है। ब्रेविस ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 2 टेस्ट, 2 वनडे और 10 टी20 खेले हैं। टेस्ट में 1 अर्धशतक लगाते हुए 84, वनडे में 7 और टी20 में 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 318 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन में अगर ब्रेविस को मौका मिलता है, तो उन्हें अच्छी पारी खेलनी होगी। नहीं तो, इस फॉर्मेट से उन्हें ड्रॉप किया जा सकता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article