क्रिकेट

Birthday Special: एक थ्रो से शुरू हुआ था इस हनुमान भक्त भारतीय ऑलराउंडर का क्रिकेटर बनने का सफर, जानिए कैसा है प्रदर्शन

Deepti Sharma Birthday Special: भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज दीप्ति शर्मा के लिए आज का दिन बेहद खास है। वे आज अपना 27वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। आईसीसी क्रिकेट रैंकिंग में शीर्ष ऑलराउंडरों में इस युवा क्रिकेटर का दबदबा है।

Image

सचिन तेंदुलकर के साथ दीप्ति शर्मा। (फोटो- Deepti Sharma X)

Photo : Twitter

Deepti Sharma Birthday Special: भारत की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा आज (24 अगस्त) अपना 27वां जन्मदिन मना रही है। उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली ये धाकड़ ऑलराउंडर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा कई टी20 लीग में भी खेलती है और अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर है। मांकडिंग को लेकर उठा बवाल हो या विरोधी खिलाड़ियों की स्लेजिंग, दीप्ति कई बार सुर्खियों में रहीं। क्रिकेटर बनना इस खिलाड़ी की पहली पसंद नहीं थी। लेकिन महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक लेने की बात हो या फिर द हंड्रेड में अपनी टीम को चैंपियन बनाना, हर जगह इस युवा स्टार ने अपनी काबिलियत साबित किया है।

इस स्टार भारतीय क्रिकेटर का पूरा नाम दीप्ति भगवान शर्मा है और प्यार से उन्हें लोग दीपू बुलाते हैं। उनका जन्म 24 अगस्त 1997 को उत्तर प्रदेश के एक मध्यम वर्ग परिवार में हुआ था। वह एक ऑलराउंडर हैं जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और दाएं हाथ से ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करती हैं। आईसीसी क्रिकेट रैंकिंग में शीर्ष ऑलराउंडरों में इस युवा क्रिकेटर का शुमार है। मैदान पर जितनी शानदार दीप्ति की गेंदबाजी है उतनी ही दिलचस्प उनके क्रिकेटर बनने की कहानी है, साथ ही वो एक हनुमान भक्त भी हैं। ये युवा खिलाड़ी पहली बार 8 साल की उम्र में अपने भाई सुमित शर्मा के साथ ऐसे ही स्टेडियम पहुंच गई थीं।

दीप्ति के पास जब गेंद पहुंची, तो उन्होंने गेंद सीधे विकेट की ओर फेंक दी। दीप्ति का थ्रो देखकर उस समय स्टेडियम में महिला क्रिकेटर्स को प्रैक्टिस करा रहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य हेमलता काला दंग रह गईं। हेमलता ने सुमित शर्मा को बुलाकर बहन का नाम पूछा और कहा कि इस बच्ची को कल से ही क्रिकेट खिलाना शुरू कर दो। ये बच्ची एक दिन हिंदुस्तान के लिए खेलेगी। यहीं से दीप्ति का सफर शुरू हो गया और उन्होंने हेमलता की बात को सच कर दिखाया।

खेल से परे दीप्ति शर्मा एक राम भक्त भी हैं। इसका सबसे बड़ा सबूत उनकी हनुमान और श्री राम के प्रति आस्था है, इसलिए उन्होंने पहला टैटू उस भगवान का बनवाया जिनकी वह बहुत बड़ी भक्त हैं। इस क्रिकेटर ने बजरंगी को अपने हाथ पर गुदवाया है। इसके साथ ही उन्होंने जय श्री राम भी लिखवाया है। दीप्ति ने भारत के लिए 2014 में पहला डेब्यू मैच खेला था। 5 टेस्ट, 89 वनडे और 117 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी दीप्ति के नाम 3,358 रन दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 257 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी हासिल किए हैं।

भारत में क्रिकेट एक धर्म की तरह है, जहां प्रशंसक अपने मतभेदों के बावजूद इस खेल के प्रति प्रेम और जुनून दिखाते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि क्रिकेट हमारे देश को एकजुट करता है। अफसोस, जब बात इस खेल को खेलने वाली महिलाओं की आती है, तो परिदृश्य अलग होता है। लेकिन अब धीरे-धीरे ही सही लेकिन सोच बदल रही है।

भारत में महिला क्रिकेट का उदय हो रहा है। विश्व स्तर पर खिलाड़ी अपना लोहा मनवा रही हैं। मिताली राज, झूलन गोस्वामी, हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना से दीप्ति शर्मा जैसे कई युवा प्रेरित हो रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन ने दिखा दिया कि उचित समर्थन और अवसर मिलने पर क्या संभव है। ऐसे में भारत में महिला क्रिकेट और दीप्ति शर्मा जैसी कई युवा स्टार का भविष्य उज्ज्वल दिखाई देता है।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article