क्रिकेट

IND vs SA: डीन एल्गर ने सेंचुरियन में शतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 27, 2023, 09:26 PM IST

दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर ने सेंचुरियन में भारत के खिलाफ आतिशी शतक जड़कर अपनी विदाई टेस्ट सीरीज में यादगार शुरुआत की है। अपनी शतकीय पारी के दौरान एल्गर ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

Image

डीन एल्गर 14वें टेस्ट शतक का जश्न मनाते हुए

Photo : AP

Dean Elgar 14th Test Century: अंतरराष्ट्रीय करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज में शिरकत कर रहे दक्षिण अफ्रीकी सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर ने भारत के खिलाफ सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में 140 गेंद में शानदार शतक जड़ दिया। अपने घरेलू मैदान में खेलते हुए एल्गर ने 19 चौकों की मदद से टेस्ट करियर का 14वां शतक पूरा किया। दिन का खेल समाप्त होने तक एल्गर 211 गेंद में 140 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी शतकीय पारी की बदौलत मेजबान टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 256 रन बना लिए हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 11 रन की बढ़त पहली पारी में हासिल कर ली है।

भारत के खिलाफ 9 साल बाद द. अफ्रीकी बल्लेबाज ने जड़ा शतक

एल्गर 9 साल लंबे अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर शतक जड़ने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने हैं। साल 2014 के बाद भारत के खिलाफ मेजबान टीम का और कोई बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सका था। 36 वर्षीय डीन एल्गर इस डेडलॉक को तोड़कर अपनी विदाई वाली सीरीज और को यादगार बना दिया है।

सेंचुरियन में भारत के खिलाफ शतक जड़ने वाले पहले द. अफ्रीकी

डीन एल्गर भारत के खिलाफ सेंचुरियन में टेस्ट सेंचुरी जड़ने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने सधे हुए लेकिन तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 79 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 140 गेंद में 19वां चौका जड़कर अपना शतक पूरा कर लिया।

बतौर ओपनर पूरे किए 5 हजार रन

अपनी इस पारी के दौरान डीन एल्गर ने टेस्ट क्रिकेट इतिहास में बतौर ओपनर 5 हजार रन भी पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले चौथे दक्षिण अफ्रीकी और दुनिया के 30वें सलामी बल्लेबाज बने। इसी दौरान एल्गर टेस्ट क्रिकेट में 11 हजार से ज्यादा गेंदों का सामना करने वाले सातवें दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भी बन गए।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article