क्रिकेट

आयरिश खिलाड़ी ने रचा इतिहास, बने पांच गेंद में पांच विकेट चटकाने वाले पहले प्लेयर

आयरलैंड के ऑलराउंडर कर्टिस कैंफर पुरुषों की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में पांच गेंद में पांच विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। जानिए किस टीम के लिए खेलते हुए और किसके खिलाफ उन्होंने किया ये कारनामा?

Image

कर्टिस कैंफर ( फोटो क्रेडिट ICC X)

डबलिन: आयरलैंड के ऑलराउंडर कर्टिस कैंफर बृहस्पतिवार को यहां अंतर-प्रांतीय टी20 ट्रॉफी मैच में नॉर्थ वेस्ट वारियर्स पर अपनी टीम मुंस्टर रेड्स की जीत के दौरान पांच गेंद में पांच विकेट लेने वाले पहले पुरुष पेशेवर क्रिकेटर बने। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी कैंफर ने चार गेंद में चार विकेट चटकाए हैं।

जिंबाब्वे की केलिस नधलोवु कर चुकी हैं ये कारनामा

कैंफर हालांकि पांच गेंद में पांच विकेट चटकाने वाले पहले क्रिकेटर नहीं हैं। यह सम्मान जिम्बाब्वे की महिला ऑलराउंडर केलिस नधलोवु को जाता है जिन्होंने 2024 में एक घरेलू टी20 टूर्नामेंट में ईगल्स महिला टीम के खिलाफ जिम्बाब्वे अंडर-19 के लिए पांच गेंद में पांच विकेट लिए थे।

अपने दूसरे और तीसरे ओवर में कैंफर ने किया धमाका

मुंस्टर रेड्स के 26 वर्षीय कप्तान और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कैंफर ने अपने दूसरे और तीसरे ओवर में पांच विकेट लिए जिससे नॉर्थ वेस्ट वारियर्स 189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.3 ओवर में पांच विकेट पर 87 रन से 88 पर सिमट गई। कैंफर ने डबलिन के सैंडीमाउंट स्थित पेम्ब्रोक क्रिकेट क्लब में 2.3 ओवर में 16 रन पर पांच विकेट लिए। आयरलैंड के लिए 2020 में पदार्पण करने के बाद से कैंफर ने सात टेस्ट, 43 वनडे और 61 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article