क्रिकेट

CPL में भी चल रहा सुनील नरेन का जादू, 24 में से 21 गेंदें डाली डॉट, तीन विकेट भी झटके

Sunil Narine in CPL 2026: सुनील नरेन टी20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं। अब तक वो 608 टी20 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 649 विकेट दर्ज हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है।

Image

सुनील नरेन का जादू (फोटो साभार- CPL)

Sunil Narine in CPL 2026: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में एक बार फिर सुनील नरेन ने साबित कर दिया कि वो टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक स्पिनर क्यों हैं। त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए नरेन ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ अपनी कातिलाना गेंदबाजी से मैच का रुख ही पलट दिया। इस मुकाबले में नरेन ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्च किए और 3 अहम विकेट अपने नाम किए। उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत त्रिनबागो ने सेंट किट्स को 19 रन से हरा दिया।

4 ओवर में दिया सिर्फ 3 विकेट

पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट किट्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। जवाब में त्रिनबागो ने 15 ओवर में 2 विकेट पर 94 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश आ गई। मैच आगे नहीं हो सका और DLS नियम के तहत त्रिनबागो को विजेता घोषित कर दिया गया। नरेन की सबसे खास बात रही उनकी इकॉनमी। टी20 में जहां हर गेंद पर रन बनते हैं, वहां नरेन ने 24 में से 21 गेंदें डॉट डाल दीं। पूरे स्पेल में सेंट किट्स के बल्लेबाज सिर्फ 3 गेंदों पर ही रन ले पाए। उनकी मिस्ट्री स्पिन के आगे कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। धीमी गेंद, तेज आर्म बॉल और फिरकी का ऐसा मिश्रण कि बल्लेबाज समझ ही नहीं पाए कि गेंद कहां टर्न होगी।

टी20 में 650 विकेट के करीब

सुनील नरेन टी20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं। अब तक वो 608 टी20 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 649 विकेट दर्ज हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है जिन्होंने 736 विकेट लिए हैं। नरेन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं और 650 विकेट के आंकड़े से सिर्फ 1 विकेट दूर हैं। CPL में उनका ये प्रदर्शन देखकर लगता है कि वो ये माइलस्टोन भी जल्द ही छू लेंगे।

त्रिनबागो के लिए तुरुप का इक्का

नरेन सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी TKR के लिए मैच विनर रहे हैं। लेकिन इस मैच में उन्होंने गेंद से ही टीम को जीत दिला दी। उनकी इस परफॉर्मेंस के बाद त्रिनबागो का आत्मविश्वास भी बढ़ गया है। CPL 2026 में नरेन का ये स्पेल बता रहा है कि 37 साल की उम्र में भी उनकी फिरकी में वही धार है। जब नरेन लय में होते हैं तो विरोधी टीम के लिए रन बनाना पहाड़ जैसा हो जाता है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article