क्रिकेट

DC vs GT: 'हमें जल्द से जल्द उनकी जरूरत है', DC में खौफ; गेंदबाजी कोच ने कर दी बड़े गेंदबाज की वापसी की मांग

दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी के बावजूद अपने पहले दो मैच जीत लिए हैं, लेकिन गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल चाहते हैं कि यह तेज गेंदबाज जल्द से जल्द टीम से जुड़ें। क्योंकि आईपीएल में उनसे बड़ा कोई गेंदबाज नहीं है।

Image

दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच की बड़ी मांग। फोटो- आईपीएल

नई दिल्ली, (भाषा)। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ ने कहा कि स्टार्क के स्तर को देखते हुए इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की तुलना सिर्फ जसप्रीत बुमराह से ही की जा सकती है। स्टार्क को अब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला है और वह कंधे की चोट से उबर रहे हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए मुनाफ ने कहा कि वह रोजाना स्टार्क के आने के बारे में पूछते हैं।

मुनाफ ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, 'हमने दो मैच जीत लिए हैं इसलिए उनकी कमी अभी महसूस नहीं हुई है। वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। आईपीएल में स्टार्क से बड़ा कोई गेंदबाज नहीं है। मुझे सिर्फ बुमराह का ही नाम याद आता है। उनके पास बहुत अनुभव है। वह नई गेंद से 140 किमी प्रति घंटा से अधिक की गति से गेंद को स्विंग कराते हैं। मैं रोजाना टीम के संपर्क में रहता हूं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया हमें इस बारे में जानकारी देगा। हमें अपने मुख्य गेंदबाज के तौर पर उनकी जरूरत है।’

इन गेंदबाजों की तारीफ की

मुनाफ दिल्ली की टीम में लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और आकिब नबी जैसे गेंदबाजों के साथ काम करने का आनंद ले रहे हैं। जब उनसे उन गेंदबाजों के बारे में पूछा गया जो 150 किमी प्रति घंटा या उससे अधिक की गति से गेंदबाजी करते हैं और अक्सर चोटिल हो जाते हैं तो मुनाफ ने कहा, ’जो गेंदबाज 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं वे खेल ही नहीं रहे हैं। अगर वे खेलेंगे नहीं तो चोटिल ही रहेंगे। हम ऐसी प्रणाली से आए हैं जहां आप जितनी अधिक गेंदबाजी करते हैं आपकी लय उतनी ही बेहतर होती है। जब आप चोटिल होते हैं और आपकी लय बिगड़ी हुई होती है तो आप अपने-आप ही चोटिल हो जाते हैं।’

लुंगी अच्छे गेंदबाज

मुनाफ ने एनगिडी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ’लुंगी अपनी कुछ कमियों के बावजूद एक बहुत अच्छा गेंदबाज है। वह एक अच्छा इंसान है और दूसरे विदेशी खिलाड़ियों के मुकाबले उसे संभालना आसान है। उसे इस तरह की विकेटों पर गेंदबाजी करने का अच्छा अंदाजा है। वह बहुत तेज गति से गेंदबाजी करने की कोशिश नहीं करता। वह अपने यॉर्कर और धीमी गेंदों का असरदार तरीके से इस्तेमाल करता है।’

उसे गेंदबाजी करने का बहुत शौक

नबी के बारे में उन्होंने कहा, ’उसे गेंदबाजी करने का बहुत शौक है और उसकी काम करने की लगन भी जबरदस्त है। उसे अभी तक आईपीएल का माहौल पूरी तरह समझ नहीं आया है। उसने रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लिए थे जो कि बहुत बड़ी बात है। वह हमारी टीम के लिए खेलने को पूरी तरह तैयार है। वह किसी भी समय और यहां तक कि ’इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर भी खेल सकता है।’

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article