BCCI Meeting with IPL Team Owners: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस महीने के अंत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सभी टीमों के मालिकों से मिलने के लिए तैयार है, जिसमें मेगा नीलामी से पहले खिलाड़ी रिटेंशन नियम, सैलरी कैप, राइट टू मैच और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों से 30 या 31 जुलाई को मुंबई में बोर्ड के कार्यालय में होने वाली बैठक के लिए उपलब्ध रहने को कहा है। बैठक का मुख्य एजेंडा खिलाड़ी रिटेंशन नियम होगा।
आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी के दौरान टीमों को अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी गई थी। अधिकतम तीन भारतीय खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति थी। दूसरी ओर केवल दो विदेशी खिलाड़ियों ही रिटेन किए जा सकते थे। हालांकि, आईपीएल 2025 से पहले होने वाली मेगा नीलामी से पहले, अधिकांश फ्रेंचाइजी ने कथित तौर पर बीसीसीआई से अधिक रिटेंशन की अनुमति देने के लिए कहा है।
फ्रेंचाइज की मांग
क्रिकबज की रिपोर्ट में कहा गया है कि "किसी फ्रैंचाइजी के लिए रिटेंशन की संख्या पर अलग-अलग राय रही है। कुछ टीमों का तर्क है कि निरंतरता आवश्यक है, क्योंकि अधिकांश फ्रैंचाइजी अब 17 वर्षों से अधिक समय से अस्तित्व में हैं और अनुमत रिटेंशन की संख्या आठ तक होनी चाहिए। इस बात पर भी बहस होगी कि मेगा-नीलामी में राइट टू मैच (RTM) विकल्प होना चाहिए या नहीं। 2022 की मेगा नीलामी के दौरान RTM विकल्प उपलब्ध नहीं था, लेकिन माना जाता है कि कुछ फ्रैंचाइजी इसे वापस लाने के पक्ष में हैं।
सैलरी कैप में हो सकता है इजाफा
बीसीसीआई और फ्रैंचाइजी के बीच सैलरी कैप पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है, "सैलरी कैप पर भी चर्चा होगी, जो अगले तीन साल के चक्र के पहले वर्ष में लगभग 120 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। इसके बाद, प्रत्येक खिलाड़ी के रिटेंशन मूल्य पर भी चर्चा हो सकती है।"
