आईपीएल कभी भी विवादों से बचा नहीं है, इसके लिए बीसीसीआई समय-समय पर खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी टीमों को आगाह करता आया है। इतिहास में कई ऐसे मौके रहे हैं जब खिलाड़ी हनीट्रैप जैसे मामलों में फंसे हैं। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने एक बार फिर आईपीएल 2026 के दौरान खिलाड़ियों और टीमों को इसको लेकर चेताया है।
बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को पत्र लिखा है। इसमें गंभीर आरोपों को जन्म देने वाली स्थितियों के खिलाफ आगाह किया गया है, जिसमें यौन दुराचार से संबंधित आरोप भी शामिल हैं, और टीमों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। बीसीसीआई ने सुरक्षा संपर्क अधिकारियों को सूचित किए बिना खिलाड़ियों की अनधिकृत आवाजाही पर भी ध्यान दिया है।
हाल ही में एक खिलाड़ी के ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करने का मामला सामने आया था और इस संदर्भ में, बीसीसीआई ने अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की है। इसमें कहा गया है कि ऐसे आचरण में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति लागू वैधानिक ढांचे के तहत संज्ञेय अपराध के लिए उत्तरदायी होंगे।
गौरतलब है कि हाल में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच हुए आईपीएल 2026 (IPL 2026) मैच के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला नजारा कैमरे में कैद हुआ था जिसने सबको हैरान कर दिया था। ड्रेसिंग रूम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग वेप स्मोकिंग (ई-सिगरेट) पीने में व्यस्त दिखे थे। भारत में वेप (ई-सिगरेट) पर प्रतिबंध है और ऊपर से ये सब कुछ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में चल रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद चौतरफा मांग होने लगी कि रियान पराग पर एक्शन लिया जाए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच नंबर 40 में पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। रियान को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। ऐसा ही एक मामला युजवेंद्र चहल का भी सामने आता दिख रहा है जिसमें वो भी एक वीडियो में वेपिंग करते नजर आ रहे हैं। हालांकि अब तक ये साफ नहीं है कि ये वीडियो कब का है और इसकी पूरी हकीकत क्या है।
