क्रिकेट

बीसीसीआई ने ढूंढा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हार के बाद बली का बकरा? इनके ऊपर गिर सकती है गाज

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम की टेस्ट सीरीज में करारी हार की बीसीसीआई समीक्षा कर रहा है। बताया जा रहा है कि बलि का बकरा ढूंढ लिया गया है और उसके ऊपर गाज गिर सकती है।

Image

गौतम गंभीर

Photo : AP

मुंबई: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया की बॉर्डर गावस्कर टॉफी में 1-3 के अंतर से करारी हार के बाद बीसीसीआई में मंथन का दौर चल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के ऐलान से पहले हुई रिव्यू मीटिंग में बड़े फैसले हुए हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई टीम में एक बल्लेबाजी कोच को शामिल करने की संभावना तलाश रहा है। आधिकारिक तौर पर हालांकि इसका ऐलान नहीं किया गया है। बीसीसीआई और टीम प्रबंधन के बीच सपोर्ट स्टाफ को मजबूत करके की बात हुई है। क्रिकबज को पता चला है कि कुछ नामों पर विचार किया जा रहा है, जिसमें घरेलू क्रिकेट के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि इस बारे में अबतक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

निशाने पर नायर और डोशेट

वर्तमान में टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में मुख्य कोच गौतम गंभीर के अलावा मोर्ने मोर्कल (गेंदबाजी कोच), अभिषेक नायर (सहायक कोच), रेयान टेन डोशेट (सहायक कोच) और टी दिलीप (फील्डिंग कोच) शामिल हैं। भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे और टेस्ट क्रिकेट में हाल ही में मिली हार के बाद, कोचिंग स्टाफ की भूमिका और कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना हुई है, खासकर विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के नियमित रूप से इसी तरह आउट होने के बाद गावस्कर जैसे दिग्गज ने बैटिंग कोच को आड़े हाथ लिया था और कहा था कि उनसे सवाल इस बारे में पूछे जाने चाहिए।

बीसीसीआई कर सकता है कड़ी कार्रवाई

ऐसे में बीसीसीआई ने संज्ञान लेते हुए सपोर्ट स्टाफ की समीक्षा की है और कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। हो सकता है कि कोचिंग स्टाफ के किसी सीनियर सदस्य के ऊपर गाज भी गिर सकती है क्योंकि घरेलू और विदेशी दोनों सरजमीं पर बल्लेबाज स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ नाकाम रहे हैं। उनकी कार्यप्रणाली और कोचिंग का तरीका सवालों में आ गया है। भले ही आईपीएल या घरेलू स्तर पर वो खिलाड़ी बतौर कोच सफल रहे हों लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके हाथ अबतक नाकामी ही लगी है। लगता है कि बीसीसीआई ने बली का बकरा ढूंढ लिया है। उसके ऊपर गाज गिरते ही चयनसमिति, बोर्ड और हेड कोच सभी के पाप घुल जाएंगे और प्रशंसकों के बीच कड़ी कार्रवाई किए जाने का सकारात्मक संदेश भी चला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article