क्रिकेट

BAN vs IRE Highlights: बांग्लादेश ने आयरलैंड को हराकर 3 मैच की सीरीज पर जमाया कब्जा

BAN vs IRE Highlights: बांग्लादेश ने आयरलैंड को तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए मिले 117 रन के लक्ष्य को लिटन दास की टीम ने केवल 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

Image

बांग्लादेश और आयरलैंड (साभार-BAN Cricket)

तंजीद हसन के रिकॉर्ड पांच कैच और नाबाद 55 रन की बदौलत बांग्लादेश ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आयरलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने 3 मैच की टी20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शेष रहते 117 रन पर ढेर हो गई जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 13.4 ओवर में केवल दो विकेट पर 119 रन बनाकर जीत दर्ज की। तंजीद इस दौरान किसी टी20 मैच में पूर्ण टेस्ट सदस्य की ओर से पांच कैच लेने वाले पहले क्रिकेटर बने। उन्होंने आयरलैंड के अंतिम पांच बल्लेबाजों से कैच पकड़े। इनमें से चार कैच उन्होंने लॉन्ग ऑन पर पकड़े।

बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सैफ हसन (19) और कप्तान लिटन दास (07) के विकेट जल्दी गंवा दिए लेकिन तंजीद और परवेज हुसैन (नाबाद 33) ने तीसरे विकेट के लिए 50 गेंद में 73 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। इससे पहले आयरलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज और कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। बांग्लादेश की तरफ से मुस्ताफिजुर रहमान (11 रन पर तीन विकेट) और रिषाद हुसैन (21 रन पर तीन विकेट) ने तीन-तीन जबकि शोरिफुल इस्लाम ने दो विकेट चटकाए।

यह इस सीरीज में बांग्लादेश की लगातार दूसरी जीत थी। इससे पहले आयरलैंड ने बांग्लादेश को चौंकाते हुए पहला मुकाबला अपने नाम कर लिया था। उस मुकाबले में बांग्लादेश को 39 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने वापसी करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज में बराबरी कर ली थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article