SL vs BAN 3rd T20 Match Highligts: लिट्टन दास की कप्तानी वाली बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को तीन मैच की सीरीज के तीसरी और आखिरी मुकाबले में 8 विकेट के अंतर से मात दी। जीत के लिए मिले 133 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने 16.3 ओवर में हासिल कर लिया। बांग्लादेश के लिए सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन ने 73 (47) रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं कप्तान लिट्टन दास ने 32 (26) रन बनाए। अंत में तंजीद के साथ तौहीद हृदौय 27 (25) रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंकाई गेंदबाज बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर पहली गेंद पर विकेट चटकाने के बाद लगाम नहीं लगा सके। बांग्लादेश ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। यह बांग्लादेश की श्रीलंकाई सरजमीं पर यह पहली टी20 सीरीज जीत है।
20 ओवर में 132 रन बना सकी श्रीलंकाई टीम
मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया। श्रीलंका की टीम कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 20 ओवर में 7 विकेट पर 132 रन बना सकी। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 46 रन की पारी पथुम निशंका ने खेली। अंत में दसुन शनाका ने 25 गेंद में 35 रन की आतिशी पारी खेलकर टीम को 132 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मेहदी हसन मिराज ने 11 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं एक-एक सफलता शरीफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और शमीम हुसैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
तंजीद हसन ने खेली 73 रन की आतिशी पारी
इसके बाद जीत के लिए 133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को पहली ही गेंद पर परवेज हुसैन इमोन का विकेट गंवा दिया। लेकिन इसके बाद तंजीद हसन और कप्तान लिट्टन दास ने पारी को संभाल लिया। दोनों स्कोर को 74 रन तक ले गए लेकिन नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर लिट्टन दास कमिंदु मेंडिस की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 32 (26) रन बनाए। उनके आउट होने के बाद हसन को तौहीद हृदौय का साथ मिला। तंजीद ने अपना अर्धशतक 27 गेंद में एक चौके और पांच छक्के की मदद से पूरा किया। दोनों ने इसके बाद मिलकर 16.3 ओवर में टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी और बांग्लादेश ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। तंजीद हसन 47 गेंद में 73 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और छह छक्के जड़े। वहीं तौहीद हृदौय ने अपनी 27 रन की पारी में एक चौका और एक छक्का जड़ा।
लिट्टन दास बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
मेहदी हसन को प्लेयर ऑफ द मैच और लिट्टन दास को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। मेहदी हसन ने मैच में 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं लिट्टन दास ने सीरीज में सबसे ज्यादा 114 रन बनाए।
