क्रिकेट

रेड बॉल कैंप टीम में हुई बाबर आजम की वापसी, साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिल सकता है मौका

एशिया कप में बाबर आजम को पाकिस्तान क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिली थी। इसके पीछे उनकी फिटनेस का हवाला दिया गया था, लेकिन अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले चुने गए कैंप टीम में उन्हें मौका मिला है।

Image

बाबर आजम (साभार-ICC)

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रेड-बॉल ट्रेनिंग कैंप के लिए टीम में शामिल किया गया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट से पहले उनका नाम 10 अन्य खिलाड़ियों के साथ चुना गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शनिवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी साझा की। यह कैंप कार्यकारी टेस्ट टीम के हेड कोच अजहर महमूद की निगरानी में 28 सितंबर तक चलेगा। 11 खिलाड़ियों के इस समूह में बाबर आजम, अब्दुल्ला शफीक, अली रजा, अजान अवैस, कामरान गुलाम और अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।

पीसीबी ने अपने बयान में कहा, "इस कैंप को खिलाड़ियों के स्किल पर काम करने और अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सत्र से पहले उनके फिटनेस का आकलन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस कैंप में उन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो मौजूदा चार दिवसीय हनीफ मोहम्मद ट्रॉफी में शामिल नहीं हैं।

इस कैंप के लिए अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और स्टार तेज गेंदबाज नसीम शाह उपलब्ध नहीं थे। ये दोनों खिलाड़ी कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2025 खेल रहे हैं।

पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला

पाकिस्तान दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के साथ। पहला मैच 12 अक्टूबर से लाहौर में और दूसरा मैच 20 अक्टूबर से रावलपिंडी में होगा। ये दो टेस्ट मैच की सीरीज पाकिस्तान के लिए मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-2027 की शुरुआत भी होगी। बाबर का शिविर में शामिल होना इस बात का संकेत है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद भी वह टेस्ट टीम की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं। वसीम अकरम के समर्थन के बावजूद उन्हें पाकिस्तान की एशिया कप टीम से बाहर रखा गया था।

एनसीए कैंप के लिए चुने गए खिलाड़ी: अब्दुल्ला शफीक, अली रजा, अज़ान अवैस, बाबर आजम, कामरान गुलाम, मोहम्मद अली, मोहम्मद हुरैरा, मोहम्मद सलमान, रोहेल नजीर, साजिद खान और शमील हुसैन।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!