दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया आईपीएल 2026 का 39वां मुकाबला एक तरफा रहा। पावरप्ले में ही हेजलवुड और भुवनेश्वर की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख मोड़ दिया। दिल्ली ने 8 के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, वहां से जीत के लिए चमत्कार की ही जरूरत थी। हालांकि, आरसीबी ने 6.3 ओवर में आसानी से मैच जीत लिया।
आरसीबी के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल काफी निराश दिखे। हालांकि, अक्षर ने टीम को बैक किया। अक्षर ने कहा कि एक दिन खराब होने से उंगली नहीं उठाई जा सकती। उन्होंने कहा कि टीम को सकारात्मक रहना होगा और आगे के मैच पर फोकस करना होगा। अक्षर ने माना कि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मिली हार के बाद से किस्मत बदल गई है। दिल्ली को गुजरात के खिलाफ 1 रन से मात मिली और उसका जीत का क्रम टूट गया था।
'मुझे नहीं पता क्या हुआ'
अक्षर ने कहा, मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ। लेकिन सब कहते हैं कि क्रिकेट में हर दिन आपको चौकन्ना रहना पड़ता है और वापस आकर बार-बार वही चीजें दोहरानी पड़ती हैं। लेकिन हां, अगले मैच में जाते समय आपको इसे भूलकर आगे बढ़ना होगा।
जीटी से मिली हार के बाद बदली किस्मत
क्या जीटी मैच के बाद डीसी की किस्मत बदल गई? के सवाल पर अक्षर ने कहा, हां, अगर मैं आज की बात करूं तो आप ऐसा सोच सकते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि उतार-चढ़ाव आते रहेंगे। आप सोच सकते हैं कि अगर हमने जीटी मैच में वह कैच ले लिया होता या वह रन पूरा कर लिया होता, तो शायद लय बनी रहती। लेकिन ये सब होता रहता है। महत्वपूर्ण है कि आप उसमें सुधार करें।
'दोष देना ठीक नहीं'
अक्षर ने आगे कहा, मैं टीम को भी यही कहूंगा- एक खराब मैच का मतलब यह नहीं है कि आप उंगली उठाना शुरू कर दें या बल्लेबाजों को दोष दें। हमें सकारात्मक रहना होगा, पिछले 6-7 मैचों में जो हमने किया है उसे जारी रखना होगा और सही मानसिकता बनाए रखनी होगी।
भुवी और हेजलवुड की तारीफ की
भुवी और हेजलवुड की गेंदबाज पर कहा, मैं आश्चर्य नहीं करुंगा- वे विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं और वे गेंद को कहीं भी स्विंग कराते हैं, उन्होंने हर मैदान पर ऐसा किया है। लेकिन हां, मुझे लगता है कि अगर हमारे सलामी बल्लेबाजों या शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों में से किसी एक ने शुरुआती दो ओवरों का बेहतर सामना किया होता, तो फर्क पड़ सकता था और मैच अलग हो सकता था। लेकिन उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की, उसके लिए उन्हें श्रेय जाता है।
प्लेऑफ की तरफ आरसीबी
9 विकेट से मिली करारी हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स प्वाइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर खिसक गई है। उसके 8 मैच में जीत के साथ 6 अंक हैं। वहीं, आरसीबी ने जीत के साथ प्लेऑफ में अपनी जगह और मजबूत कर ली है। आरसीबी के 8 मैच में 6 जीत से 12 अंक हो गए हैं। वह दूसरे स्थान पर काबिज है।
