क्रिकेट

Australia Squad T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा, नहीं ढूंढ पाए मिचेल स्टार्क का विकल्प

Australia Squad T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श के नेतृत्व में टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में पैट कमिंस, टिम डेविड और जोश हेजलवुड को भी शामिल किया गया है जो इंजरी से जूझ रहे हैं।

Image

ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप टीम (साभार-ICC)

Australia Squad T20 World Cup: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका और भारत की मेजबानी में होने वाले आगामी आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए स्पिन गेंदबाजों से भरी अपनी संभावित टीम की घोषणा कर दी। टीम अनुभवी ऑलराउंडर मिशेल मार्श के नेतृत्व में उतरेगी। 15 सदस्यीय इस स्क्वॉड में स्टार क्रिकेटर पैट कमिंस, कैमरन ग्रीन और कूपर कॉनॉली, जो भारत के खिलाफ हाल ही में हुई टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे, उन्हें भी शामिल किया गया है।

2021 की विजेता इस टीम में स्पिन गेंदबाजों की भरमार है। इन स्पिन गेंदबाजों में एडम जैम्पा मैथ्यू कुहनेमैन, कूपर कॉनोली, ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू शॉर्ट शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि चयन समिति ने ऐसे खिलाड़ियों को तरजीह दी है जो भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम हों। उन्होंने कहा 'टी20 टीम ने हाल के दिनों में लगातार सफलता हासिल की है, जिससे हमें एक अच्छी टीम बनाने में आसानी हुई। इसके अलावा उन्होंने पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और टिम डेविड के फिटनेस पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि वह वर्ल्ड कप तक पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के इस स्क्वॉड में लेफ्ट आर्म पेसर नहीं हैं। मिचेल स्टार्क के संन्यास के बाद किसी भी लेफ्ट आर्म गेंदबाज को मौका नहीं मिला है।

ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप स्क्वॉड (Australia World Cup Squad): मिशेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जैम्पा।

ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में आयरलैंड, जिम्बाब्वे, श्रीलंका और ओमान के साथ रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का अपना पहला मैच 11 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा। ग्रुप बी में उनका दूसरा मैच 13 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। उनका तीसरा मैच 16 फरवरी को मेजबान श्रीलंका के खिलाफ होगा। ऑस्ट्रेलिया का ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article