क्रिकेट

क्या IPL के लिए पाकिस्तान दौरे को ताक पर रखेंगे कंगारू खिलाड़ी?

IPL का लीग चरण 24 मई को संपन्न होगा जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचने का कार्यक्रम है जो आईपीएल का अंतिम चरण होगा।

Image

पैट कमिंस (फोटो साभार- IPL/BCCI)

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि कप्तान पैट कमिंस सहित उसके खिलाड़ियों को आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने की स्वीकृति मिलेगी और उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ 30 मई से शुरू हो रही तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए छूट दी जाएगी। आईपीएल का लीग चरण 24 मई को संपन्न होगा जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचने का कार्यक्रम है जो आईपीएल का अंतिम चरण होगा।

IPL के बीच पाकिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज

सनराइजर्स हैदराबाद के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ’’हां, हमें सूचना मिली है कि हमारी टीम में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल के लिए रुकेंगे।’’ कप्तान कमिंस के अलावा ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी सनराइजर्स की टीम का हिस्सा हैं। हैदराबाद की टीम अभी 14 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर चल रही है और प्ले ऑफ में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है। आईपीएल में खेल रहे ऑस्ट्रेलिया के अन्य खिलाड़ी जोश हेजलवुड, टिम डेविड (दोनों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस (दोनों लखनऊ सुपर जाइंट्स), जेवियर बार्टलेट, मार्कस स्टोइनिस, कूपर कोनोली (तीनों पंजाब किंग्स), मैथ्यू शॉर्ट (चेन्नई सुपरकिंग्स), मिचेल स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) और कैमरन ग्रीन (कोलकाता नाइट राइडर्स) हैं।

हर टीम में शामिल हैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी

इनमें से अगर दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स नॉकआउट चरण में नहीं पहुंच पाते हैं तो ग्रीन और स्टार्क लीग चरण के बाद आईपीएल छोड़कर जा सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स अभी 10 मैच में आठ अंक के साथ तालिका में सातवें स्थान पर है जबकि नाइट राइडर्स नौ मैच में सात अंक के साथ आठवें पायदान पर हैं। दूसरी ओर सुपर जाइंट्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं क्योंकि वे नौ मैच में सिर्फ चार अंकों के साथ 10वें स्थान पर हैं। इसलिए मार्श और इंग्लिस भी पहले एकदिवसीय से पूर्व पाकिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हो सकते हैं। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक इस दौरे के लिए टीम की घोषणा नहीं की है। हेजलवुड, डेविड, कोनोली जैसे खिलाड़ियों को हालांकि यहीं रुकना पड़ सकता है क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलरु और पंजाब किंग्स के भी प्लेऑफ में पहुंचने की पूरी संभावना है। अब उम्मीद है कि वे जून के पहले हफ्ते में बांग्लादेश में राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे। ऑस्ट्रेलिया नौ जून से बांग्लादेश के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article